मशीनीकरण को बढ़ावा मिलने के बीच चीनी गन्ना हार्वेस्टर निर्माता ने विदेशों में बढ़ाया कारोबार

शंघाई : चीन में घरेलू स्तर पर विकसित गन्ना हार्वेस्टर अब आयातित मशीनों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। श्रम लागत में लगातार बढ़ोतरी और कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा दिए जाने के बीच विशेष कृषि मशीनरी की मांग बढ़ रही है, जिससे चीनी गन्ना हार्वेस्टर निर्माताओं की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पकड़ मजबूत हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, हेनान प्रांत स्थित लुओयांग चेनहान एग्रीकल्चरल इक्विपमेंट टेक्नोलॉजी के पास अब चीन के गन्ना हार्वेस्टर बाजार का करीब आधा हिस्सा है। कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया और लैटिन अमेरिका के देशों में भी अपनी मशीनों का निर्यात कर रही है।

2008 में शुरू हुआ घरेलू हार्वेस्टर बनाने का सफर

ChiniMandi WhatsApp Channel

कंपनी की स्थापना पूर्व इंजीनियर झांग चांगशियान ने की थी। उन्होंने वर्ष 2008 में घरेलू गन्ना हार्वेस्टर विकसित करने पर काम शुरू किया। बाजार तक मशीन पहुंचने में करीब आठ साल का समय लगा। झांग और उनकी टीम ने दक्षिणी चीन के गुआंग्शी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फील्ड टेस्ट किए। इस दौरान मशीन को कीचड़ भरे खेतों, तूफान से क्षतिग्रस्त गन्ने और ढलान वाले इलाकों में काम करने के लिए लगातार बेहतर बनाया गया।

चीनी उत्पादन लागत घटाने में मशीनीकरण पर जोर

चीन में चीनी उत्पादन की लागत कम करने और घरेलू चीनी उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए मशीनीकरण पर जोर बढ़ रहा है। कृषि और ग्रामीण मामलों के मंत्रालय के अधीन चाइनीज एग्रीकल्चरल आउटलुक कमेटी के अनुसार, चीन ने 2024/25 मार्केटिंग वर्ष में करीब 1.12 करोड़ टन चीनी का उत्पादन किया, जबकि घरेलू खपत लगभग 1.57 करोड़ टन रही। उत्पादन और खपत के बीच इस अंतर को पूरा करने के लिए चीन ने करीब 46 लाख टन चीनी का आयात किया।

बढ़ती मजदूरी से हार्वेस्टर की मांग बढ़ी

बढ़ती श्रम लागत ने भी कृषि मशीनीकरण की जरूरत को और मजबूत किया है। झांग के अनुसार, वर्ष 2008 में एक मजदूर करीब 25-30 युआन में एक दिन में लगभग एक टन गन्ने की कटाई कर सकता था। अब इसी मात्रा की कटाई के लिए मजदूरी बढ़कर 180-250 युआन तक पहुंच गई है। वहीं, कंपनी के गन्ना हार्वेस्टर एक दिन में 100 टन से अधिक गन्ने की कटाई कर सकते हैं। यह लगभग 100 मजदूरों के बराबर काम है।

चीन के छोटे और ढलान वाले खेतों के लिए विकसित की मशीन

शुरुआत में चीन गन्ना हार्वेस्टर के लिए बड़े पैमाने पर आयातित मशीनों पर निर्भर था। लेकिन ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बड़े और समतल गन्ने के खेतों के लिए तैयार मशीनें चीन के छोटे और अक्सर ढलान वाले खेतों के लिए उपयुक्त नहीं थीं। इसी चुनौती को देखते हुए चेनहान ने स्थानीय परिस्थितियों के लिए विशेष रूप से ‘कट एंड ब्रेक’ हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित किया। इस तकनीक को चीन के अलग-अलग तरह के खेतों और भौगोलिक परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया।

बेटी की पढ़ाई के लिए रखे पैसे भी प्रोजेक्ट में लगाए

गन्ना हार्वेस्टर विकसित करने की प्रक्रिया ने झांग पर भारी आर्थिक दबाव भी डाला। परियोजना को जारी रखने के लिए उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा के लिए बचाकर रखे गए पैसे तक का इस्तेमाल किया।चेनहान ने वर्ष 2015 में अपना पहला गन्ना हार्वेस्टर तैयार किया और 2016 में इसे व्यावसायिक रूप से बाजार में उतारा। पहले ही साल कंपनी ने 30 से अधिक मशीनें बेचीं। इसके अगले साल वार्षिक बिक्री बढ़कर 150 से अधिक मशीनों पर पहुंच गई।

2019 से शुरू किया निर्यात

कंपनी ने वर्ष 2019 में निर्यात शुरू किया। इसके बाद उसने वियतनाम, थाईलैंड, इंडोनेशिया, कोस्टा रिका और वेनेजुएला जैसे बाजारों में मशीनों की आपूर्ति की।अब कंपनी के कुल राजस्व में निर्यात की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत है।ग्राहकों की विशेष जरूरतों के अनुसार गन्ना हार्वेस्टर को कस्टमाइज करने की क्षमता ने कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार करने में मदद की है।चेनहान अब स्मार्ट कंट्रोल सिस्टम, हाइब्रिड-पावर तकनीक और कम ईंधन खपत वाली मशीनों के विकास पर भी काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य वैश्विक कृषि मशीनरी बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here