पश्चिम एशिया संकट के बीच OPEC+ का तेल उत्पादन अक्टूबर में 20.4 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ा, सऊदी अरब ने संभाली कमान

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक तेल बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच अक्टूबर में OPEC+ देशों के कच्चे तेल उत्पादन में जोरदार सुधार दर्ज किया गया। इस बढ़ोतरी में सऊदी अरब की सबसे बड़ी भूमिका रही। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हाल में कुछ नरमी आई है, लेकिन कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (OPEC) की ओर से जारी नवंबर की मासिक तेल बाजार रिपोर्ट के अनुसार, सहयोग घोषणा (Declaration of Cooperation – DoC) में शामिल OPEC और उसके सहयोगी तेल उत्पादक देशों का कच्चे तेल उत्पादन अक्टूबर में महीने-दर-महीने लगभग 20.4 लाख बैरल प्रतिदिन (mb/d) बढ़कर औसतन 4.123 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो गया।

वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए यह उत्पादन सुधार ऐसे समय में आया है, जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और प्रमुख क्षेत्रीय समुद्री मार्गों, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की ढुलाई प्रभावित होने की आशंकाओं ने बाजार में भारी उतार-चढ़ाव पैदा किया है। गुरुवार, 12 नवंबर को ब्रेंट क्रूड वायदा करीब 91.62 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, जिसमें 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 1.2 प्रतिशत गिरकर 85.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। ईरान से जुड़े तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों की नई उम्मीदों के बाद हाल में तेल की कीमतों में गिरावट आई है। हालांकि, क्षेत्रीय तेल आपूर्ति और समुद्री मार्गों को लेकर अनिश्चितता अब भी बनी हुई है।इस परिस्थिति में OPEC+ के उत्पादन में बढ़ोतरी प्रमुख तेल उत्पादक देशों की आपूर्ति में सुधार का संकेत देती है। इसके बावजूद भू-राजनीतिक घटनाक्रम का बाजार की धारणा पर लगातार असर पड़ रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सऊदी अरब और इराक ने बढ़ाया उत्पादन

अक्टूबर में OPEC+ का उत्पादन स्तर वर्ष 2025 के औसत 4.198 करोड़ बैरल प्रतिदिन के करीब पहुंच गया। वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में उत्पादन घटकर 3.429 करोड़ बैरल प्रतिदिन रह गया था, जो तीसरी तिमाही में सुधरकर 3.835 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो गया। रिपोर्ट में उद्धृत द्वितीयक स्रोतों के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में मासिक उत्पादन वृद्धि में सऊदी अरब का सबसे बड़ा योगदान रहा। देश का उत्पादन 11.8 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़कर 91.9 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया।

इसी अवधि में इराक का उत्पादन 4.96 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़कर 44.9 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया। वहीं, कुवैत का उत्पादन 2.32 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़कर लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच गया।प्रत्यक्ष संचार के आधार पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सऊदी अरब का उत्पादन अक्टूबर में 1.056 करोड़ बैरल प्रतिदिन रहा, जबकि सितंबर में यह 83.7 लाख बैरल प्रतिदिन था। बाजार में उसकी आपूर्ति भी सितंबर के 79.9 लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर अक्टूबर में 92 लाख बैरल प्रतिदिन हो गई।

OPEC का उत्पादन 2.716 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंचा

द्वितीयक स्रोतों के आधार पर OPEC देशों का अकेले कच्चे तेल का उत्पादन अक्टूबर में 1.97 मिलियन बैरल प्रतिदिन बढ़कर 2.716 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो गया। सितंबर में यह 2.520 करोड़ बैरल प्रतिदिन था।वहीं, सहयोग घोषणा में शामिल गैर-OPEC देशों का उत्पादन अपेक्षाकृत कम, लगभग 70,000 बैरल प्रतिदिन बढ़कर 1.407 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंच गया।

2027 में वैश्विक तेल मांग 26 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ने का अनुमान

तेल मांग के मोर्चे पर OPEC ने वर्ष 2027 के लिए वैश्विक तेल मांग में लगभग 26 लाख बैरल प्रतिदिन की वृद्धि का अनुमान बरकरार रखा है। यह अनुमान वर्ष 2026 के लिए जताई गई लगभग 2 लाख बैरल प्रतिदिन की मामूली वृद्धि से काफी अधिक है। रिपोर्ट में कहा गया है, “वर्ष 2027 में वैश्विक तेल मांग साल-दर-साल लगभग 26 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ने का अनुमान है। यह पिछले महीने के आकलन के समान है।”अनुमान के मुताबिक, इस मांग वृद्धि में गैर-OECD देशों की सबसे बड़ी हिस्सेदारी होगी। इन देशों में वर्ष 2027 के दौरान तेल मांग लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ने की संभावना है। वहीं, OECD देशों में मांग लगभग 5 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ने का अनुमान है।

OPEC+ के बाहर भी बढ़ेगी तेल आपूर्ति

इस बीच, OPEC को उम्मीद है कि, सहयोग घोषणा से बाहर के देशों में तरल हाइड्रोकार्बन (Liquids) का उत्पादन वर्ष 2026 और 2027, दोनों में लगभग 6 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ेगा। यह अनुमान दर्शाता है कि, OPEC+ देशों के उत्पादन में सुधार के साथ-साथ वैश्विक तेल आपूर्ति में अन्य उत्पादक देशों का योगदान भी बढ़ता रहेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here