आंध्र प्रदेश: चीनी मिलें बंद होने से चित्तूर और तिरुपति में गन्ने की खेती में भारी गिरावट

तिरुपति: कभी रायलसीमा क्षेत्र में गन्ने की खेती का प्रमुख केंद्र रहे संयुक्त चित्तूर और तिरुपति जिलों में वर्ष 2013 के बाद से गन्ने की खेती में 96% से अधिक की गिरावट आई है। इसके कारण इस क्षेत्र में गन्ने की फसल का दायरा काफी सीमित हो गया है। यह जानकारी द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सामने आई है। खबर के मुताबिक, वर्तमान में दोनों जिलों में व्यावसायिक गन्ने की खेती केवल 4,835 हेक्टेयर क्षेत्र में हो रही है, जो खेती के चरम दौर में रहे क्षेत्रफल का लगभग 3 से 4 प्रतिशत ही है।

चीनी मिलों के बंद होने से खेती पर असर

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने की खेती में गिरावट के पीछे प्रमुख कारण चीनी मिलों का बंद होना, सहकारी क्षेत्र की समस्याएं और पड़ोसी राज्यों की निजी चीनी मिलों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा हैं। अपने चरम पर अविभाजित चित्तूर जिले में छह प्रमुख चीनी मिलें थीं, जिनसे एक लाख से अधिक किसान परिवारों को सहारा मिलता था। चित्तूर को-ऑपरेटिव शुगर्स और गजुलामन्यम स्थित श्री वेंकटेश्वर को-ऑपरेटिव शुगर्स कभी स्थानीय कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं, लेकिन अब दोनों मिलें बंद हैं।सरकार अब इन मिलों को दोबारा शुरू करने के बजाय उनकी संपत्तियां बेचने और पुराने कर्जों के निपटारे के लिए कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने पर ध्यान दे रही है।

निजी चीनी मिलों की हालत भी खराब

निजी क्षेत्र की मिलों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। निंद्रा स्थित नाटेम्स शुगर्स ने 2020 के पेराई सीजन के बाद अपना संचालन बंद कर दिया। इससे हजारों किसानों के करोड़ों रुपये के वैधानिक बकाये का भुगतान लंबित रह गया।बी.एन. कंद्रिगा स्थित सुदालगुंटा शुगर्स और पुंगनूर स्थित केबीडी शुगर्स को भी भारी परिचालन घाटे के बाद लंबे समय तक बंद रहना पड़ा। वर्तमान में एसएनजे शुगर्स ही इस क्षेत्र की एकमात्र चालू चीनी मिल है, हालांकि इसका संचालन सीमित स्तर पर हो रहा है। चित्तूर और तिरुपति जिलों के गन्ना अधिकारी एम. मुत्याला नायडू ने कहा, वर्तमान में नेलवॉय की एसएनजे शुगर्स ही क्षेत्र की एकमात्र चालू मिल है। इस इकाई ने 4,800 हेक्टेयर क्षेत्र से गन्ने की पेराई करने पर सहमति जताई है और इसकी चीनी उत्पादन क्षमता 3,800 मीट्रिक टन है।”

पड़ोसी राज्यों की मिलों पर निर्भर हुए किसान

स्थानीय चीनी मिलों के बंद होने के बाद गन्ने की खेती जारी रखने वाले किसानों को अपनी फसल पड़ोसी तमिलनाडु और कर्नाटक की निजी चीनी मिलों तक पहुंचानी पड़ी। इससे डीजल और अंतरराज्यीय परिवहन परमिट का खर्च बढ़ गया।वेदुरुकुप्पम के तीसरी पीढ़ी के किसान सुरपाराजू उदय कुमार राजू, जिन्होंने हाल ही में अपने खेत में बचा आखिरी एक एकड़ गन्ना भी हटा दिया, ने कहा कि उन्हें उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) से मिलने वाली आय की तुलना में डीजल और अंतरराज्यीय परिवहन परमिट पर अधिक खर्च करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि, सीमा पार की चीनी मिलें बेहतर कीमत देती थीं, लेकिन फसल को वहां तक पहुंचाने की लागत इतनी अधिक थी कि गन्ने की खेती जारी रखना मुश्किल हो गया।

10 से 12 महीने की फसल, बढ़ता आर्थिक जोखिम

गन्ने की फसल से आय प्राप्त करने में 10 से 12 महीने लगते हैं। इसके अलावा इसमें पर्याप्त पानी, श्रम और निवेश की आवश्यकता होती है। आसपास चीनी मिलें नहीं होने के कारण किसानों को फसल की बिक्री और परिवहन में भारी आर्थिक जोखिम उठाना पड़ता है। इसी वजह से कई किसानों ने गन्ने की खेती छोड़कर दूसरे विकल्पों को अपनाना शुरू कर दिया है। हजारों पूर्व गन्ना उत्पादक किसान अब डेयरी व्यवसाय की ओर बढ़ गए हैं। स्थानीय दूध शीतलन केंद्रों के माध्यम से डेयरी से उन्हें अपेक्षाकृत नियमित आय मिल रही है। वहीं, कुछ किसानों ने धान, मक्का और टमाटर जैसी कम अवधि वाली फसलों का रुख किया है। इन फसलों से कम समय में आय प्राप्त होती है और लंबे समय तक निवेश बनाए रखने की आवश्यकता भी कम होती है।

उपयुक्त जमीन होने के बावजूद गन्ने की खेती संकट में

केंद्र सरकार जलवायु-अनुकूल गन्ने की किस्मों और एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं और प्रोत्साहन दे रही है।हालांकि, स्थानीय कृषि अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में गन्ने की खेती घटने का कारण उपयुक्त कृषि भूमि की कमी नहीं है। एक वरिष्ठ क्षेत्रीय गन्ना अधिकारी ने कहा कि, यहां की मिट्टी अभी भी उपजाऊ है और गन्ने की खेती के लिए सक्षम है। लेकिन जब 100 किलोमीटर के दायरे में कोई चालू चीनी मिल नहीं हो, तो किसानों से 10 महीने में तैयार होने वाली फसल में निवेश की उम्मीद नहीं की जा सकती। अधिकारियों के अनुसार, यदि सरकार लंबित किसानों के बकाये का निपटारा करने और सहकारी चीनी मिलों के बुनियादी ढांचे को फिर से मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो चित्तूर क्षेत्र में गन्ने की खेती का अतीत बन जाने का खतरा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here