तिरुपति : कई वर्षों से बंद पड़ी सुदालगुंटा शुगर्स लिमिटेड (SSL) के प्रबंधन ने गन्ना किसानों का करीब 30 करोड़ रुपये का बकाया दो किस्तों में चुकाने पर सहमति जताई है। कंपनी ने यह भुगतान 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का आश्वासन दिया है। द हिंदू में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसानों के लंबे समय से लंबित भुगतान के मुद्दे को लेकर जिला प्रशासन की मध्यस्थता में बैठक हुई।
तिरुपति के कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को जिला कलेक्टर एस. वेंकटेश्वर और पुलिस अधीक्षक एल. सुब्बारायुडु ने SSL के मालिक जयराम चौधरी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में श्रीकालहस्ती स्थित SSL की यूनिट-1 और पोडालाकुरु स्थित यूनिट-2 से जुड़े गन्ना किसान भी शामिल हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों और SSL प्रबंधन को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए किसानों के लंबित भुगतान की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए बकाया राशि के भुगतान के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।
लिखित भुगतान योजना देने के निर्देश
कलेक्टर वेंकटेश्वर ने SSL प्रबंधन को मौखिक आश्वासन देने के बजाय लिखित भुगतान योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि, एक शपथपत्र प्रस्तुत किया जाए, जिसमें 60 दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि का भुगतान करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता हो। बैठक में जयराम चौधरी ने बताया कि, प्रबंधन 30 करोड़ रुपये की राशि जुटाने के प्रयास कर रहा है। इसके तहत पहले चरण में 15 करोड़ रुपये और इसके बाद शेष 15 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने नवंबर के अंत तक किसानों का पूरा बकाया चुकाने का आश्वासन दिया।
जमीन बेचकर बकाया चुकाने की तैयारी
जयराम चौधरी ने कहा कि यदि निर्धारित 60 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं हो पाता है, तो नेल्लोर में 50 एकड़ जमीन और श्रीकालहस्ती में बिना किसी भार वाली जमीन बेचकर प्राप्त राशि से किसानों के बकाये का भुगतान किया जाएगा। SSL के प्रमोटर ने बताया कि आवश्यक बैंक मंजूरी लेने के बाद प्रस्तावित जमीन बिक्री के माध्यम से धन जुटाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, बैंक को 2 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान पहले ही किया जा चुका है।
प्रशासन की पहल से किसान संतुष्ट
बैठक में शामिल गन्ना किसानों ने लंबे समय से लंबित भुगतान के मामले को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई पहल पर संतोष व्यक्त किया। किसानों को अब निर्धारित समयसीमा में बकाया राशि मिलने की उम्मीद है।


















