मुंबई: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, भारत के चीनी और बायोएनर्जी उद्योग का भविष्य प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग पर निर्भर करता है। मुंबई में आयोजित शुगर एथेनॉल बायोएनर्जी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने गन्ना खेती में सिंचाई दक्षता बढ़ाने और जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंत्री गडकरी ने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन और बायोएनर्जी परियोजनाओं के विस्तार के साथ-साथ जल संसाधनों का जिम्मेदार उपयोग भी सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने गन्ने को अधिक पानी की आवश्यकता वाली फसल बताते हुए कहा कि, सिंचाई प्रबंधन में सुधार और पानी को राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में संरक्षित करना चीनी एवं एथेनॉल उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सुझाव दिया कि, भारत को जल वितरण और जल संरक्षण को बेहतर बनाने के लिए “वॉटर ग्रिड” जैसी अवधारणा पर विचार करना चाहिए। गडकरी ने कहा कि, पानी का उपयोग बैंक जमा की तरह सोच-समझकर किया जाना चाहिए। इसके लिए सरकार, गैर-सरकारी संगठन और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा।
एथेनॉल, बायोफ्यूल और हरित ऊर्जा पर जोर…
गडकरी ने कहा कि, भारत परिवहन क्षेत्र में एथेनॉल के उपयोग को लगातार बढ़ा रहा है और सरकार सभी प्रकार के वाहनों में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि, देश ऐसे वाहनों की दिशा में आगे बढ़ रहा है जो अधिक मात्रा में एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकें। उन्होंने बताया कि, देश में लगभग 38 करोड़ वाहन हैं, जिनमें से 96 प्रतिशत अभी भी जीवाश्म ईंधन पर निर्भर हैं। इसके कारण कार्बन उत्सर्जन लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में लगभग 33 करोड़ मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन वातावरण में जा रहा है और यदि वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बड़े पैमाने पर नहीं अपनाया गया तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।
किसानों को ऊर्जा उत्पादक बनाने की योजना…
गडकरी ने कहा कि, कृषि को केवल खाद्यान्न उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे ईंधन, औद्योगिक कच्चे माल और स्वच्छ ऊर्जा के स्रोत के रूप में भी विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा,”हमारा उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है और इसमें बायोएनर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका है। मंत्री ने बताया कि, एथेनॉल को आइसोब्यूटेनॉल में बदलने पर शोध जारी है, जो भविष्य में डीजल का विकल्प बन सकता है। इसका उपयोग कृषि, निर्माण और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों में किया जा सकेगा, जिससे नए औद्योगिक अवसर पैदा होंगे।
कृषि अपशिष्ट से बनेगी ऊर्जा…
गडकरी ने कहा कि कृषि अवशेष और औद्योगिक उप-उत्पाद भविष्य में ऊर्जा उत्पादन के महत्वपूर्ण स्रोत बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में कृषि अपशिष्ट आधारित लगभग 4,000 संयंत्र स्थापित किए जाने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि स्पेंट वॉश और प्रेसमड जैसी सामग्री का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में प्रभावी ढंग से किया जा सकता है, जिससे चीनी उद्योग को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे।
बायो-एविएशन फ्यूल और बायो-बिटुमेन में अपार संभावनाएं…
गडकरी ने कहा कि, भारत में एथेनॉल आधारित सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और बायो-एविएशन फ्यूल के क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं। उनका मानना है कि भविष्य में भारत वैश्विक स्तर पर टिकाऊ ईंधन का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन सकता है। उन्होंने सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले बिटुमेन के आयात को कम करने के लिए बायो-बिटुमेन के उपयोग पर भी जोर दिया। गन्ने के शीरे और बायोमास से तैयार बायो-बिटुमेन न केवल आयात पर निर्भरता कम करेगा, बल्कि किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत भी बनेगा।
हाइड्रोजन और बायोगैस पर भी फोकस…
गडकरी ने हाइड्रोजन को भविष्य का ईंधन बताते हुए कहा कि देश में गांवों के स्तर पर बायोगैस और कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्रों के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय के नए स्रोत विकसित होंगे। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि एथेनॉल, बायोफ्यूल, हाइड्रोजन और अन्य टिकाऊ तकनीकों को अपनाने का उद्देश्य केवल प्रदूषण कम करना नहीं, बल्कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना भी है।


















