कैरन्स : ऑस्ट्रेलिया के कैरन्स क्षेत्र में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के कारण गन्ना किसानों और उद्योग से जुड़े लोगों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि, कृषि भूमि लगातार आवासीय और व्यावसायिक विकास परियोजनाओं में बदल रही है, जिससे गन्ना उद्योग के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। गन्ना उत्पादकों के संगठन ‘केनग्रोअर्स’ और अन्य हितधारकों ने उद्योग के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक विशेष समिति गठित करने की पहल की है।1980 के दशक से लेकर अब तक सुदूर उत्तरी क्षेत्र में कई चीनी मिलें बंद हो चुकी हैं। इसका प्रमुख कारण गन्ना उत्पादन में गिरावट और कृषि भूमि का अन्य उपयोगों के लिए अधिग्रहण बताया जा रहा है।
हाल ही में मॉसमैन मिल वर्ष 2024 में परिसमापन प्रक्रिया में चली गई, जिससे क्षेत्र के किसानों के सामने आर्थिक और संचालन संबंधी चुनौतियां खड़ी हो गईं। केनग्रोअर्स कैरन्स क्षेत्र के निदेशक और किसान पॉल ग्रेगरी ने कहा कि, गॉर्डनवेल स्थित मुलग्रेव मिल की स्थिति भी चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने बताया कि, किसी भी चीनी मिल को लाभकारी बनाए रखने के लिए प्रति सीजन लगभग 10 लाख टन गन्ने की पेराई आवश्यक होती है। जबकि मुलग्रेव मिल इस सीजन में केवल 9 से 9.5 लाख टन गन्ने की पेराई कर पाएगी। यदि उत्पादन और कम हुआ तो मिलों के लिए संचालन घाटे का सौदा बन सकता है।
ग्रेगरी के अनुसार, इस वर्ष गन्ना उद्योग से पूरे सुदूर उत्तरी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में लगभग 80 करोड़ डॉलर का योगदान होने का अनुमान है और इससे करीब 1,600 लोगों को रोजगार मिलता है। कैरन्स क्षेत्रीय परिषद वर्तमान में अपनी नई विकास योजना तैयार कर रही है। किसानों की मांग है कि कृषि भूमि को संरक्षित रखने का प्रावधान इस योजना में शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में खेती की जमीन पूरी तरह शहरीकरण की भेंट न चढ़ जाए।
अर्थशास्त्री पीट फॉल्कनर के अनुसार, गन्ना उत्पादन और प्रसंस्करण क्षेत्र कैरन्स में लगभग 600 लोगों को रोजगार देता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था में 5 से 5.5 करोड़ डॉलर का योगदान देता है। उन्होंने कहा कि, गन्ना उद्योग केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
वैकल्पिक उत्पादों पर बढ़ेगा जोर…
ऑस्ट्रेलिया का चीनी उद्योग अभी भी मुख्य रूप से कच्ची चीनी के निर्यात पर निर्भर है।हालांकि, एमएसएफ शुगर की मूल थाई कंपनी मित्र फोल विदेशों में गन्ने से खाद, दवाइयां और कॉस्मेटिक उत्पाद जैसे कई वैकल्पिक उत्पाद विकसित कर चुकी है।पॉल ग्रेगरी ने कहा की, यदि ऑस्ट्रेलिया में भी गन्ना आधारित वैकल्पिक उत्पादों में निवेश किया जाए, तो उद्योग का भविष्य अधिक सुरक्षित हो सकता है।हालांकि, इसके लिए कृषि भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी होगा।उन्होंने कहा कि, यदि कृषि भूमि लगातार कम होती रही, तो उद्योग के लिए नए अवसर भी समाप्त हो जाएंगे। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिषद के साथ इस मुद्दे पर सकारात्मक चर्चा चल रही है और सभी कृषि भूमि संरक्षण के महत्व को समझते हैं।
20 वर्षों में बनेंगे 18,500 नए घर…
मुलग्रेव क्षेत्र के विधायक टेरी जेम्स ने कहा कि किसानों और मिल प्रबंधन के साथ मिलकर एक संचालन समिति बनाई जाएगी, जो उद्योग के भविष्य के लिए रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि, आवासीय विकास केवल निर्धारित क्षेत्रों तक सीमित रहे और खेती की जमीनों पर अतिक्रमण न हो। क्वींसलैंड सरकार ने पिछले वर्ष माउंट पीटर क्षेत्र को प्राथमिक विकास क्षेत्र घोषित किया था। यहां अगले 20 वर्षों में 18,500 से अधिक घर बनाए जाने की योजना है, जहां करीब 42,500 लोग रह सकेंगे।
बिक्री के लिए उपलब्ध कृषि भूमि…
कैरन्स के आसपास कई कृषि भूमि बिक्री के लिए बाजार में उपलब्ध हैं। इनमें एडमंटन स्थित 52 हेक्टेयर का ‘मैन्स फार्म’ भी शामिल है, जिसे आवासीय परियोजना के लिए विकसित किए जाने की संभावना है। रियल एस्टेट एजेंट डैनी बेट्रोस के अनुसार, यह भूमि एक बड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसर के विकास के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि कैरन्स में आवासीय भूमि की कमी है और आने वाले 12 से 18 महीनों में इसकी मांग और बढ़ने की संभावना है।


















