नई दिल्ली : एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस (AWL Agri Business) ने अपने खाद्य उत्पादों के पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए ‘मधुर’ (Madhur) शुगर ब्रांड को शामिल किया है। कंपनी का कहना है कि, इस कदम से भारतीय उपभोक्ताओं के लिए उसके विश्वसनीय खाद्य ब्रांडों की श्रृंखला और मजबूत होगी। कंपनी अपने व्यापक वितरण नेटवर्क के जरिए नए अधिग्रहित चीनी ब्रांड की पहुंच देशभर में बढ़ाने की योजना बना रही है। AWL एग्री बिजनेस पहले से ही फॉर्च्यून (Fortune) और कोहिनूर (Kohinoor) जैसे लोकप्रिय खाद्य ब्रांडों का स्वामित्व रखती है। ‘मधुर’ शुगर को पोर्टफोलियो में शामिल करने के साथ कंपनी ने भारत की प्रमुख खाद्य एवं एफएमसीजी कंपनियों में अपनी स्थिति और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
खाद्य उत्पादों की श्रृंखला का हुआ विस्तार…
वर्ष 2007 में श्री रेणुका शुगर्स लिमिटेड (Shree Renuka Sugars Limited) द्वारा लॉन्च किया गया ‘मधुर’ शुगर ब्रांड अपनी 100 प्रतिशत शुद्धता और स्वच्छ प्रसंस्करण मानकों के लिए जाना जाता है। कंपनी का मानना है कि, इस ब्रांड को अपने साथ जोड़कर वह भारतीय परिवारों की दैनिक खाद्य जरूरतों को और बेहतर तरीके से पूरा कर सकेगी।
देशभर में बढ़ेगी ‘मधुर’ की पहुंच…
एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड के संयुक्त अध्यक्ष (सेल्स एवं मार्केटिंग) मुकेश मिश्रा ने कहा कि, ‘मधुर’ शुगर को शामिल करने से कंपनी के विश्वसनीय घरेलू खाद्य उत्पादों के पोर्टफोलियो को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि, मजबूत विनिर्माण क्षमता और बाजार की गहरी समझ के बल पर कंपनी इस ब्रांड की पहुंच देश के शहरी और ग्रामीण दोनों बाजारों में और व्यापक बनाएगी।
कंपनी के अनुसार, उसका वितरण नेटवर्क देशभर में 13.5 करोड़ से अधिक परिवारों तक पहुंच रखता है। ऐसे में ‘मधुर’ शुगर को इस नेटवर्क का लाभ मिलेगा और इसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।’मधुर’ शुगर को अपने उत्पाद पोर्टफोलियो में शामिल करना एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस के लिए एक समग्र खाद्य एवं एफएमसीजी कंपनी के रूप में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















