चेन्नई: बन्नारी अम्मन शुगर्स लिमिटेड के शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 12.50 रुपये के अंतिम लाभांश को मंजूरी दे दी है। कंपनी की ओर से बीएसई को दी गई जानकारी के अनुसार, यह मंजूरी 23 सितंबर 2026 को आयोजित 42वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में दी गई। कंपनी के अनुसार, यह लाभांश 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 1,25,39,700 इक्विटी शेयरों पर मंजूर किया गया है।
पांचों प्रस्ताव भारी बहुमत से मंजूर
कंपनी ने बताया कि, शेयरधारकों के समक्ष रखे गए सभी पांच प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हुए। लाभांश संबंधी प्रस्ताव के पक्ष में 97,12,307 वोट पड़े, जबकि केवल 3 वोट इसके विरोध में रहे। एजीएम में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी के ऑडिट किए गए वित्तीय विवरणों को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, रोटेशन के आधार पर सेवानिवृत्त हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक बी. सरवनन की दोबारा नियुक्ति को भी शेयरधारकों ने मंजूरी प्रदान की। शेयरधारकों ने कॉस्ट ऑडिटर को दिए जाने वाले पारिश्रमिक की पुष्टि की तथा कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन में ऑब्जेक्ट क्लॉज में बदलाव को भी मंजूरी दी।
पांच निदेशक व्यक्तिगत रूप से, एक वर्चुअली शामिल
बैठक की अध्यक्षता एस. वी. बालासुब्रमणियम ने की। कंपनी के पंजीकृत कार्यालय से पांच निदेशकों ने बैठक में भाग लिया, जबकि एक अन्य निदेशक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कंपनी के वैधानिक और सेक्रेटेरियल ऑडिटर भी बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा, सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड (CDSL) के माध्यम से कराई गई ई-वोटिंग प्रक्रिया की निगरानी के लिए नियुक्त स्क्रूटिनाइजर भी उपस्थित रहे। एजीएम के दौरान अध्यक्ष ने भारतीय चीनी उद्योग में हुए प्रमुख घटनाक्रमों का अवलोकन प्रस्तुत किया। इसके बाद प्रबंध निदेशक ने कंपनी के प्रदर्शन पर प्रस्तुति दी।


















