बेलमोपान: बेलीज सरकार ने कैरेबियन कम्युनिटी (CARICOM) के बाजार में चीनी की बिक्री बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। सरकार को उम्मीद है कि क्षेत्रीय बाजार में अधिक चीनी बेचने से देश के चीनी उद्योग को बेहतर कीमत मिल सकेगी और गन्ना किसानों की आय में भी सुधार होगा। प्रधानमंत्री जॉन ब्रिसेन्यो ने शुक्रवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक के बाद कहा कि, बेलीज अपनी चीनी का बढ़ता हिस्सा क्षेत्रीय कैरेबियन कम्युनिटी बाजार में भेज रहा है, जहां बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने बताया कि, मौजूदा गन्ना पेराई सत्र के लिए गन्ना किसानों को लगभग 10 डॉलर प्रति टन की अंतिम भुगतान राशि मिलने का अनुमान है।
ब्रिसेन्यो ने चीनी उद्योग के सामने मौजूद कठिन परिस्थितियों को भी स्वीकार किया।उन्होंने कहा कि, मौसम संबंधी चुनौतियां और फसल से जुड़ी समस्याएं उत्पादन तथा किसानों के रिटर्न को प्रभावित कर रही हैं। पिछले वर्ष फ्यूजेरियम रोग और इस वर्ष मिलीबग संक्रमण के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन ने उद्योग पर दबाव बढ़ाया है। सरकार इन समस्याओं से निपटने के लिए किसानों और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि कैरेबियन कम्युनिटी क्लाइमेट चेंज सेंटर (5Cs) के माध्यम से लागू की जा रही 50 मिलियन डॉलर की परियोजना का उद्देश्य गन्ना किसानों को इन चुनौतियों से निपटने में मदद करना है।
उन्होंने कहा कि, चीनी की कीमतें उद्योग के भीतर तय होती हैं और सरकार सीधे कीमत निर्धारित करने के बजाय उद्योग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। सरकार की रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कैरेबियन कम्युनिटी बाजार में बेलीज की चीनी की बिक्री बढ़ाना है। ब्रिसेन्यो के अनुसार, क्षेत्रीय बाजार में अधिक बिक्री से बेलीज के चीनी उद्योग को अन्य बाजारों की तुलना में बेहतर कीमत हासिल करने में मदद मिल सकती है। प्रधानमंत्री ने सेंटेंडर शुगर ग्रुप द्वारा स्थापित की जा रही रिफाइनरी की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसका उद्घाटन अक्टूबर के अंत या नवंबर में होने की उम्मीद है।


















