समस्तीपुर: वरिष्ठ राजद नेता, सोशल फाउंडेशन के सचिव और गन्ना किसान रामनारायण मंडल उर्फ बच्ची मंडल ने गन्ना मंत्री संजय कुमार पासवान से मुलाकात कर गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य कम से कम 650 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग की। ज्ञापन में मंडल ने कहा कि, वर्तमान में चीनी का बाजार भाव करीब 65 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम है। ऐसे में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का भाव कम से कम 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए।
बाढ़ और सूखे की मार झेलते हैं किसान
रामनारायण मंडल ने गन्ना मंत्री का ध्यान हसनपुर चीनी मिल क्षेत्र के किसानों की भौगोलिक परिस्थितियों की ओर भी आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि, यह क्षेत्र बागमती, करेह, कमला और कोसी नदियों के बीच स्थित है। इसके कारण यहां के गन्ना किसानों को कभी सूखे तो कभी बाढ़ जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों के बावजूद किसान लगातार गन्ने की खेती कर रहे हैं। हालांकि, किसानों का कहना है कि उत्पादन लागत और जोखिम को देखते हुए उन्हें गन्ने का पर्याप्त मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
पेराई सत्र से पहले मूल्य तय करने की मांग
मंडल ने मंत्री से अपील की कि, पेराई सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य निर्धारित किया जाए। उनका कहना है कि, इससे किसानों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिल सकेगा और भुगतान में होने वाली देरी तथा ‘डिफर्ड पेमेंट’ जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि, समय पर गन्ने का मूल्य तय होने से किसानों में भरोसा बढ़ेगा और वे बेहतर तरीके से गन्ने की खेती कर सकेंगे।


















