दरभंगा : बिहार सरकार ने रैयाम (दरभंगा) और सकरी (मधुबनी) में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिलों की स्थापना प्रक्रिया को तेज करने का फैसला किया है। इन मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गन्ना उत्पादक किसानों की सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के अनुसार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि किसानों की सहकारी समितियों का पंजीकरण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि रैयाम चीनी मिल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ द्वारा इसे सहकारिता विभाग को सौंप दिया गया है। अब डीपीआर के आधार पर परियोजना के लिए धनराशि आवंटित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि गन्ना उद्योग विभाग ने दोनों प्रस्तावित चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र निर्धारण को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।रैयाम चीनी मिल के लिए मधुबनी जिले के 438 गांव और दरभंगा जिले के 580 गांव चिन्हित किए गए हैं। वहीं सकरी चीनी मिल के लिए मधुबनी के 686 गांव तथा दरभंगा के 697 गांव आरक्षित किए गए हैं। इन क्षेत्रों के गन्ना उत्पादक किसानों को जोड़कर रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति और सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्य बिहार सहकारी सोसाइटी अधिनियम, 1935 के तहत किया जा रहा है।
सहकारी समिति की सदस्यता के लिए न्यूनतम 100 डिसमिल भूमि पर गन्ना उत्पादन करने वाले किसान पात्र होंगे। वहीं अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और महिला किसानों के लिए यह सीमा 50 डिसमिल निर्धारित की गई है।सदस्य बनने के इच्छुक किसानों का कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य होगा। समिति में शामिल होने के लिए 500 रुपये प्रवेश शुल्क तथा एक हजार रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है।
दोनों सहकारी समितियों के गठन और पंजीकरण प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए संयुक्त निबंधक, सहकारिता समितियां, दरभंगा प्रमंडल द्वारा दो सदस्यीय संगठनकर्ता समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को किसानों के समूह तैयार करने, आवश्यक दस्तावेज जुटाने और पंजीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही गांव और पंचायत स्तर पर किसानों को सहकारी समिति की सदस्यता और इसके लाभों के बारे में जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। सरकार का मानना है कि, इन सहकारी चीनी मिलों की स्थापना से क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


















