पटना : बिहार के गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना किसानों को विभागीय योजनाओं, सेवाओं और आवेदन से जुड़ी जानकारी सीधे उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल पहल शुरू की है। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने बुधवार को ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट और ‘गन्ना किसान पहचान पत्र’ लॉन्च किया। ‘गन्ना किसान पहचान पत्र’ प्रत्येक गन्ना किसान के लिए एक विशिष्ट डिजिटल पहचान के रूप में काम करेगा। इस कार्ड पर दिए गए QR कोड को मोबाइल फोन से स्कैन करके किसान विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और अपने आवेदनों की स्थिति से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
AI चैटबॉट से आसान होगी सरकारी सेवाओं तक पहुंच
बिहार में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट किसानों और आम नागरिकों को बातचीत आधारित इंटरफेस के माध्यम से सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराएगा। चैटबॉट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि, किसानों को विभागीय पोर्टल पर कई अलग-अलग मेन्यू में जाने की जरूरत न पड़े। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनकर या सीमित जानकारी दर्ज करके संबंधित सेवा प्राप्त कर सकेंगे। विभाग के अनुसार, इस डिजिटल व्यवस्था से गन्ना किसानों और अधिकारियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज और आसान होगा।
आवेदन और परमिट की स्थिति भी देख सकेंगे किसान
मंत्री संजय कुमार ने बताया कि किसान ‘गन्ना साथी’ चैटबॉट के माध्यम से अपने आवेदन, परमिट और दावों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। चैटबॉट बातचीत के दौरान किसान की गन्ना ID या आवेदन संख्या जैसी जानकारी को याद रख सकता है। इससे किसान को एक ही जानकारी बार-बार दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होगी। चैटबॉट बातचीत के संदर्भ को भी समझ सकता है और उसके आधार पर आगे पूछे गए सवालों का जवाब दे सकता है। विभाग ने बताया कि बातचीत समाप्त होने के बाद उस सत्र से संबंधित जानकारी हटा दी जाती है।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सेवा
यह डिजिटल सेवा हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी। इसमें टेक्स्ट-टू-स्पीच यानी ‘रीड अलाउड’ सुविधा भी शामिल है, जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता चैटबॉट के जवाबों को सुन सकेंगे। किसान इस संवाद आधारित सेवा के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
गन्ना उद्योग में निवेश के लिए भी आमंत्रण
इस बीच, गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राज्य में उपलब्ध सीमित प्राइम लैंड में निवेश करने के इच्छुक निवेशकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पहल गन्ना उद्योग निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत की जा रही है।इच्छुक निवेशक SIPP पोर्टल के माध्यम से अपनी रुचि दर्ज करा सकते हैं। इस अवसर पर गन्ना आयुक्त अनिल कुमार झा सहित विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


















