गोपालगंज : लंबे समय से बंद पड़ी सासामुसा चीनी मिल और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान से जुड़े मामले में पटना हाई कोर्ट ने बरौली विधायक और उपमुख्य सचेतक मंजीत कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग, जिला प्रशासन समेत अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त को होगी। जानकारी के अनुसार, सेंट्रल बैंक ने ऋण वसूली को लेकर पटना हाई कोर्ट में सीडब्ल्यूजेसी संख्या 14419/2018 के तहत याचिका दायर की है। इस मामले में विधायक मंजीत कुमार सिंह को भी संबंधित पक्ष बनाया गया है।
विधायक मंजीत कुमार सिंह का कहना है कि, किसानों के हित में लगातार आवाज उठाने के कारण उन्हें इस मामले में पक्षकार बनाया गया है। उन्होंने बताया कि, सासामुसा चीनी मिल पर गन्ना किसानों का करीब 43 करोड़ रुपये बकाया है। विधायक का आरोप है कि, मिल प्रबंधन किसानों का भुगतान करने के बजाय बैंक का ऋण चुकाने को प्राथमिकता दे रहा है। इससे हजारों गन्ना किसान लंबे समय से आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि, हाई कोर्ट में किसानों के बकाया भुगतान और उनके अधिकारों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
मंजीत कुमार सिंह ने कहा कि, बैंक का ऋण अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन उन किसानों का भुगतान पहले होना चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति की है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से सासामुसा चीनी मिल को दोबारा शुरू करने के साथ-साथ किसानों और मिल कर्मचारियों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया तेज करने की मांग की।सासामुसा चीनी मिल लंबे समय से बंद पड़ी है। मिल बंद होने के कारण गन्ना किसानों और कर्मचारियों का भुगतान अब तक लंबित है। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से क्षेत्र में किसानों और मिल कर्मचारियों के बीच लगातार असंतोष बना हुआ है।


















