नरकटियागंज: न्यू स्वदेशी शुगर मिल परिसर में गन्ना खेती में मशीनीकरण योजना को लेकर वृहद किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गौनाहा, जमुनिया, भवानीपुर, पिपरा, बड़निहार, चनपटिया, धोबनी, बसवरिया और सिंहासिनी सहित विभिन्न क्षेत्रों के किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी, कार्यपालक उपाध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी, केवीके अध्यक्ष सह वरीय वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. सिंह, मगध ग्रुप के कॉरपोरेट केन हेड राजीव कुमार शर्मा, बिड़ला ग्रुप के सीएचआरओ चाकी तथा प्रेग्मेटिक्स के निदेशक डॉ. दुष्यंत बादल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को गन्ना खेती में आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण अपनाने के प्रति जागरूक करना था, ताकि लागत घटाकर प्रति एकड़ 400 क्विंटल से अधिक उत्पादन हासिल किया जा सके। केवीके निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा कि, वैज्ञानिक विधियों और यंत्रीकरण से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। प्रेग्मेटिक्स के निदेशक डॉ. दुष्यंत बादल ने आधुनिक कृषि मशीनों के उपयोग और संचालन की जानकारी दी, जबकि गन्ना विशेषज्ञ बलवीर सिंह ने रोग एवं कीट नियंत्रण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मगध ग्रुप के कॉरपोरेट केन हेड राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मशीनीकरण से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने किसानों से मजदूरों पर निर्भरता कम करने और अगले 100 दिनों में खेतों के जरूरी कार्य समय पर करने की अपील की। कार्यपालक उपाध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी ने पेड़ी गन्ने से अधिक उत्पादन के लिए कृषि क्रियाओं पर विशेष ध्यान देने और यंत्रीकरण अपनाने पर जोर दिया।
गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ढाका ने नई तकनीकों तथा मिल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, गन्ना उप महाप्रबंधक प्रेम सिंह ने बताया कि कृषि सेवा प्रदाता किसानों की टीम तैयार की गई है, जिनके माध्यम से अन्य किसान सेवाएं लेकर अपनी पैदावार बढ़ा सकते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक गन्ना खेती से स्थायी और बेहतर आय प्राप्त होने पर जोर दिया।


















