बेतिया : बंद पड़ी चनपटिया चीनी मिल के पुनरुद्धार को लेकर बिहार सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को मिल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया, ताकि इसके पुनर्निर्माण या नई चीनी मिल की स्थापना की संभावनाओं का आकलन किया जा सके। नई दिल्ली स्थित नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) की टीम ने डॉ. आर. बी. डोले के नेतृत्व में यह निरीक्षण किया। इस दौरान जिला गन्ना पदाधिकारी रेमन्त झा भी टीम के साथ मौजूद रहे। टीम ने मिल की वर्तमान स्थिति, परिसंपत्तियों और आसपास के क्षेत्र का गहन अध्ययन किया।
निरीक्षण के बाद एनएफसीएसएफ के चीफ एडवाइजर डॉ. डोले ने स्पष्ट किया कि, मौजूदा स्थिति में पुरानी चीनी मिल मरम्मत के योग्य नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि, इस स्थान पर नई चीनी मिल स्थापित करने की सिफारिश सरकार को भेजी जाएगी। टीम के अनुसार, निरीक्षण के आधार पर गन्ना व्यवहार्यता प्रतिवेदन (केन फिजिबिलिटी रिपोर्ट) तैयार किया जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय होगी। गन्ना उद्योग विभाग ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तकनीकी जानकारी और आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
इस पहल से क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। यदि यहां नई चीनी मिल स्थापित होती है, तो गन्ना किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। निरीक्षण के दौरान टेक्निकल एडवाइजर मुरलीधर चौधरी, डिप्टी टेक्निकल एडवाइजर एस. सोमसुंदरम, बीससूत्री उपाध्यक्ष अशोक कुमार ओझा समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


















