बिहार : रैयाम चीनी मिल फिर होगी शुरू, गन्ना विभाग की टीम ने किसानों के साथ बैठक की

दरभंगा: वर्षों से बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में अब तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। मिल के पुनः संचालन को लेकर गन्ना विभाग सक्रिय हो गया है और किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मिल चालू होने की संभावना से इलाके के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को गन्ना विभाग की चार सदस्यीय टीम ने प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर किसानों के साथ बैठक की। टीम ने क्षेत्र में गन्ने की खेती की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और किसानों को अधिक से अधिक गन्ना उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

इस दौरान बनसारा, छाछा-पछाढ़ी और छतवन पंचायतों के दर्जनों किसानों के साथ बैठक कर उनकी सूची तैयार की गई। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनका गन्ना हर हाल में खरीदा जाएगा। गन्ना विभाग की टीम ने किसानों को आधुनिक तकनीक से गन्ना उत्पादन, बेहतर उपज और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि उन्हें बेहतर उत्पादन और सीधा आर्थिक लाभ मिल सके।बैठक में यह भी बताया गया कि आगामी नवंबर से रैयाम चीनी मिल के पुनर्निर्माण और संचालन की दिशा में आवश्यक पहल शुरू की जा सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

स्थानीय किसानों ने कहा कि, यदि मिल दोबारा शुरू होती है, तो क्षेत्र में गन्ना खेती को नया बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। विभागीय अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में गन्ना खेती से जुड़ने और सहयोग करने की अपील की। इससे पहले विभाग की ओर से रजौड़ा, फुलकाही, मलंगिया, पाली और गंधवारी गांवों के किसानों को लगभग पांच एकड़ में गन्ना बीज उत्पादन के लिए मुफ्त बीज उपलब्ध कराया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here