बिहार : अब गन्ना किसानों की बनेगी फार्मर आईडी, चीनी मिलों को मिला जिम्मा

बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के गन्ना किसानों के लिए अब किसान रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी चीनी मिलों को किसानों का रजिस्ट्रेशन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। मंगलवार से जिले की चीनी मिलों में कैंप लगाकर यह अभियान शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि, जो गन्ना किसान किसान रजिस्ट्रेशन नहीं कराएंगे, उन्हें चीनी मिलों की ओर से किसान कोड जारी नहीं किया जाएगा। किसान कोड नहीं होने पर उन्हें गन्ने की पेराई के लिए पर्ची भी नहीं मिलेगी।

अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने ‘भास्कर’ को बताया कि, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए संबंधित चीनी मिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे और वहां कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि रजिस्ट्रेशन में किसी तरह की परेशानी न हो। जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज असगर ने बताया कि, पश्चिम चंपारण किसान रजिस्ट्रेशन के मामले में राज्य में दूसरे स्थान पर है। जिले में अब तक 1,60,170 किसानों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, जो किसान सम्मान निधि से जुड़े 3,40,801 किसानों का लगभग 52.8 प्रतिशत है। प्रशासन का लक्ष्य है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिले के सभी गन्ना किसानों का किसान रजिस्ट्रेशन पूरा कराया जाए। इसके लिए संबंधित कर्मियों की टीम किसानों के घर-घर जाकर भी रजिस्ट्रेशन करेगी। यह अभियान 26 मई सुबह 7 बजे से शुरू किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here