बिहार : आधुनिक गन्ना नर्सरी लगाने पर 75% तक अनुदान, 11.25 लाख रुपये की मिलेगी सब्सिडी

बिहारशरीफ : बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए आधुनिक गन्ना नर्सरी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सिंगल बड प्लांटलेट्स तकनीक से आधुनिक गन्ना नर्सरी स्थापित करने वाले किसानों और संस्थाओं को परियोजना लागत का 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। प्रति इकाई अधिकतम 11.25 लाख रुपये की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज का उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

400 वर्गमीटर में तैयार होगी 5 लाख पौधों की नर्सरी…

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, केवल 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक गन्ना नर्सरी स्थापित की जा सकती है, जहां से हर वर्ष करीब 5 लाख सिंगल बड प्लांटलेट्स तैयार किए जा सकेंगे। इससे किसानों को रोगमुक्त, उच्च गुणवत्ता वाले और उन्नत किस्म के गन्ने के पौधे उपलब्ध होंगे। आधुनिक तकनीक के उपयोग से गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों में सुधार आने की उम्मीद है।

इन वर्गों को मिलेगा योजना का लाभ…

इस योजना का लाभ निजी भूमिधारी किसान, उत्तराधिकारी किसान, गुड़ उद्यमी, चीनी मिलें, जीविका समूह, स्वयं सहायता समूह (SHG) और किसान उत्पादक संगठन (FPO) उठा सकेंगे। विभाग के अनुसार, अनुदान की राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत तीन चरणों में जारी की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

23 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन…

गन्ना नर्सरी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 जून से शुरू हो चुकी है। इच्छुक आवेदक 23 जुलाई 2026 तक केन केयर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। चयनित लाभार्थियों को आधुनिक नर्सरी की स्थापना के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रशिक्षण की भी होगी व्यवस्था…

योजना के तहत लाभार्थियों को भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (एसआरआई), पूसा में आधुनिक गन्ना नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के सहायक निदेशक (ईख विकास) अथवा ईख पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here