मुंबई: बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को अल्पाइन एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें कंपनी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए करीब 1,100 करोड़ लीटर डिनैचर्ड एनहाइड्रस एथेनॉल की खरीद हेतु जारी टेंडर में भाग लेने की अनुमति मांगी थी। लाइव लॉ बिज की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत एम. सेठना की खंडपीठ ने कहा कि, टेंडर की शर्तों की व्याख्या करते समय अदालतों को संयम बरतना चाहिए, क्योंकि टेंडर जारी करने वाला प्राधिकरण ही अपनी आवश्यकताओं को सबसे बेहतर तरीके से समझ सकता है।
खंडपीठ ने कहा कि, यदि कोई रिट अदालत टेंडर दस्तावेज की व्याख्या से सहमत नहीं भी होती है, तो केवल इसी आधार पर दस्तावेज तैयार करने वाले प्राधिकरण की व्याख्या में हस्तक्षेप करना उचित नहीं होगा। खासकर तब, जब दस्तावेज में अस्पष्टता या अनिश्चितता न हो। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह इस स्थापित सिद्धांत से अलग हटने के पक्ष में नहीं है।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब बीपीसीएल ने 16 अक्टूबर 2026 को मात्रा आधारित बोली के लिए टेंडर जारी किया। कर्नाटक स्थित अनाज आधारित डिस्टिलरी कंपनी अल्पाइन एथेनॉल ने दावा किया कि उसने करीब 250 करोड़ रुपये के निवेश से प्रतिदिन 200 किलोलीटर (केएलपीडी) क्षमता का एथेनॉल संयंत्र स्थापित किया है। कंपनी ने बीपीसीएल के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से टेंडर दस्तावेज तक पहुंचने और उसे डाउनलोड करने में असमर्थ रहने के बाद हाईकोर्ट का रुख किया था।
कंपनी ने अदालत से निर्देश देने की मांग की थी कि, उसे टेंडर दस्तावेज डाउनलोड करने, अपनी मात्रा आधारित बोली जमा करने और अन्य बोलीदाताओं के साथ उसकी बोली पर भी विचार करने की अनुमति दी जाए।कंपनी का तर्क था कि, इंटीग्रेटेड एथेनॉल मैनेजमेंट सिस्टम (आईईएमएस) पर पहले से पंजीकरण को टेंडर में स्पष्ट रूप से अनिवार्य शर्त नहीं बताया गया था। हालांकि, बीपीसीएल ने अदालत को बताया कि आईईएमएस पर एथेनॉल विक्रेता के रूप में पहले से पंजीकृत केवल 519 संस्थाएं ही इस टेंडर में भाग लेने के लिए पात्र थीं।
खंडपीठ ने याचिकाकर्ताओं की इस दलील को खारिज कर दिया कि, यह टेंडर सीमित निविदा नहीं था। अदालत ने ध्यान दिलाया कि निविदा आमंत्रण सूचना (एनआईटी) में इस प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से ‘लिमिटेड टेंडर’ बताया गया था, जिसमें भागीदारी केवल पात्र और पंजीकृत विक्रेताओं तक सीमित थी।
अदालत के आदेश के अनुसार, रिकॉर्ड से पता चला कि याचिकाकर्ताओं ने ई-प्रोक्योरमेंट वेबसाइट पर निर्धारित पंजीकरण प्रक्रिया का पालन करने का प्रयास किया था। हालांकि, वे ऑनलाइन प्रक्रिया के चौथे चरण में ही अटक गए थे। इस चरण में टेंडर में भाग लेने के लिए एक्शन बटन पर क्लिक करना होता है। वे पांचवें चरण तक नहीं पहुंच पाए, जहां बोलीदाता पुस्तिका के अनुसार टेंडर दस्तावेज डाउनलोड किया जाता है।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि, बीपीसीएल के सामान्य ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर पंजीकरण और आईईएमएस पर पंजीकरण अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। केवल सामान्य पोर्टल पर पंजीकरण करने से कोई बोलीदाता टेंडर में भाग लेने के लिए पात्र नहीं हो जाता। अदालत के अनुसार, टेंडर की शर्तों के तहत आईईएमएस पर पूर्व पंजीकरण एक अनिवार्य प्रारंभिक पात्रता शर्त थी।
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जनक द्वारकादास के साथ अधिवक्ता शादाब जान, सुचित्रा वालजी, अर्जुन भाल और नीलाक्षी पाल ने पैरवी की। उनकी ओर से मणिलाल खेर अंबालाल एंड कंपनी ने निर्देश दिए थे।वहीं, प्रतिवादी संख्या 1 से 3 की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नवरोज़ सर्वाई और मुस्तफा डॉक्टर के साथ अधिवक्ता अबीज़ार फैजुल्लाभॉय, मुर्तजा कच्छवाला, निखिलेश कौंडिन्य, अभिनव नाइकनवारे और शौमिल देब अदालत में पेश हुए। उनकी ओर से इंडस लॉ ने निर्देश दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट के एगमैटेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बनाम रिसोर्सिस टेलीकॉम और गैलेक्सी ट्रांसपोर्ट एजेंसिज बनाम न्यू जे.के. रोडवेज मामलों के फैसलों का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने दोहराया कि टेंडर दस्तावेज तैयार करने वाला प्राधिकरण ही उसकी आवश्यकताओं को सबसे अच्छी तरह समझ सकता है।खंडपीठ ने कहा कि, न्यायिक समीक्षा के दौरान अदालतों को केवल इस आधार पर टेंडर जारी करने वाले प्राधिकरण की व्याख्या पर दोबारा विचार नहीं करना चाहिए कि दस्तावेज की कोई दूसरी व्याख्या भी संभव हो सकती है। इसी सिद्धांत के आधार पर अदालत ने अल्पाइन एथेनॉल की रिट याचिका खारिज कर दी।


















