सोलापुर (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी मिल्स असोसिएशन के प्रबंध निदेशक संजय खताळ ने कहा की, महाराष्ट्र सहित देश का चीनी उद्योग इस समय बड़े आर्थिक संकट के दुष्चक्र में फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। गन्ने की बढ़ती लागत, पिछले पांच वर्षों से चीनी के दाम में वृद्धि न होना, लगातार बढ़ती गन्ने की एफआरपी, बैंकों का बढ़ता कर्ज और गन्ने की उपलब्धता में कमी के कारण कई चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। इसके परिणामस्वरूप किसानों के गन्ना भुगतान का मुद्दा भी गंभीर बन गया है। उद्योग को आर्थिक स्थिरता प्रदान करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को दीर्घकालीन नीति बनाने की आवश्यकता है।
श्रीपुर में कर्मयोगी सुधाकरपंत परिचारक पांडुरंग सहकारी साखर कारखाना और दि डेक्कन शुगर टेक्नोलॉजी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पुणे) के संयुक्त तत्वावधान में “चीनी उद्योग मंथन” चर्चासत्र का आयोजन किया गया था। इस दौरान चेयरमैन प्रशांत परिचारक, दि डेक्कन शुगर टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन (इंडिया) के अध्यक्ष सोहन शिरगांवकर, कैलास खुले, दिनकर मोरे सहित अन्य उपस्थित थे। सोहन शिरगांवकर ने कहा कि, वर्तमान परिस्थितियों को देखें तो पूरा चीनी उद्योग सरकारी नियंत्रण में चला गया है। सरकार ने चीनी और एथेनॉल निर्यात नीति अपनाई, लेकिन उसमें लगातार बदलाव होने से अधिक क्षमता वाले चीनी मिलों पर सीमाएं लग गईं और किए गए निवेश पर अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। परिणामस्वरूप कई मिलें आर्थिक संकट में फंस गईं। इसलिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा अपनाई गई नीतियों में निरंतरता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
प्रशांत परिचारक ने कहा कि, ग्रामीण क्षेत्र का महत्वपूर्ण उद्योग होने के बावजूद आज चीनी उद्योग पर संकट के बादल छाए हुए हैं। मिल स्तर पर प्रबंधन को अब कठोर निर्णय लेने की आवश्यकता है। यदि चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं रही, तो यह उद्योग काफी प्रभावित हो सकता है। इस उद्योग को बनाएं रखने के लिए सरकार भी प्रयास कर रही है।डॉ. यशवंत कुलकर्णी ने सुझाव दिया कि, सरकार स्तर पर पेराई शुरू करने की एक ही तारीख तय कर उसे अनिवार्य किया जाना चाहिए। कई मिलों ने एफआरपी भुगतान के लिए करोड़ों रुपये का कर्ज लिया है और आने वाले समय में इस कर्ज की अदायगी कैसे होगी, यह चीनी उद्योग के सामने बड़ा प्रश्न है।


















