नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने देश में मोबाइल फोन निर्माण को नई गति देने के उद्देश्य से मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (MPMS) को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस योजना के लिए 62,500 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान को स्वीकृति दी है। सरकार का लक्ष्य योजना की अवधि में देश में करीब 39 लाख करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन का संचयी उत्पादन हासिल करना है।
इस फैसले की जानकारी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को दी। उन्होंने कहा कि, नई योजना का उद्देश्य भारत में मोबाइल फोन निर्माण का विस्तार करना, घरेलू वैल्यू एडिशन बढ़ाना, आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को मजबूत बनाना और वैश्विक बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाना है। सरकार के अनुसार, यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक यानी पांच वर्षों के लिए लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान मोबाइल फोन उत्पादन के साथ-साथ निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
योजना के तहत भारत में मोबाइल फोन निर्माण करने वाली कंपनियों को योग्य बिक्री (Eligible Sales) पर 2.25 प्रतिशत से 5 प्रतिशत तक प्रोत्साहन (इंसेंटिव) दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रमुख पुर्जों और सब-असेंबली की घरेलू खरीद (Domestic Sourcing) को बढ़ावा देने के लिए 1.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा।
भारतीय कंपनियों को अपने उत्पाद विकसित करने के लिए सरकार ने उत्पाद डिजाइन तथा अनुसंधान एवं विकास (R&D) पर आधारित योग्य बिक्री के लिए 3 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन देने का भी प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य भारतीय ब्रांडों को मजबूत करना, तकनीकी आत्मनिर्भरता हासिल करना और डिजाइन व अनुसंधान के क्षेत्र में भारतीय पेटेंट को बढ़ावा देना है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, वर्ष 2014 की तुलना में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सात गुना बढ़ा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 11 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि, जो भारत कभी मोबाइल फोन का आयातक था, वह अब मोबाइल फोन का शुद्ध निर्यातक बन चुका है और उत्पादन के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है। सरकार का अनुमान है कि, इस योजना से करीब 60,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। इससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और भारत वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में और मजबूत होगा।
सरकार के अनुसार, वर्तमान में भारत में इस्तेमाल होने वाले 99.2 प्रतिशत मोबाइल फोन देश में ही निर्मित किए जाते हैं। वहीं, वर्ष 2025 में स्मार्टफोन भारत का सबसे बड़ा निर्यात उत्पाद बन गया, जिसने डीजल ईंधन और कटे हुए हीरों जैसे पारंपरिक निर्यात उत्पादों को भी पीछे छोड़ दिया।सरकार ने यह भी कहा कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI-LSEM) योजना ने भारत को मोबाइल निर्माण और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस योजना की अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है और नई मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (MPMS) उसी सफलता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।


















