पटना : बिहार में गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य की सभी चीनी मिलों को कस्टम हायरिंग सेंटर सर्विस (CHCS) संचालित करना अनिवार्य किया गया है। फिलहाल केवल तीन चीनी मिलों में ही CHCS की स्थापना हो सकी है, जबकि बाकी मिलों में इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। यह जानकारी गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा में सामने आई है।जांच में यह भी पाया गया कि कृषि विभाग और जीविका द्वारा संचालित CHCS केंद्रों में गन्ना खेती से जुड़े विशेष कृषि यंत्रों की कमी है। जागरण में प्रकाशित खबर के मुताबिक, गन्ना उत्पादन बढ़ाने और खेती का रकबा विस्तार करने के उद्देश्य से सरकार ने सभी चीनी मिलों को जल्द से जल्द CHCS स्थापित करने का निर्देश दिया है।
सरकार ने अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को अपने-अपने क्षेत्रों में गन्ना खेती के लिए आवश्यक कृषि यंत्रों का आकलन कर रिपोर्ट गन्ना आयुक्त को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर गन्ना यंत्रीकरण को मजबूत बनाने और इसके व्यापक विस्तार के लिए नई नीति तैयार की जाएगी। गन्ना उद्योग विभाग का मानना है कि इस पहल से राज्य में गन्ना उत्पादन में वृद्धि होगी, खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय में इजाफा होगा।


















