छत्तीसगढ़ : भोरमदेव चीनी मिल से जुड़े 4,691 नए गन्ना किसान; शेयर प्रमाण पत्र का किया वितरण

कबीरधाम : जिले में भोरमदेव सहकारी चीनी मिल से जुड़े हजारों गन्ना किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कृषक संगोष्ठी के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 4,691 नए गन्ना किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें कारखाने का आधिकारिक अंशधारक बनाया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने किसानों से गन्ना उत्पादन बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि, अब अगला लक्ष्य मिल में अधिक से अधिक गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों से चालू पेराई सत्र में 4.5 लाख मीट्रिक टन गन्ना कारखाने तक पहुंचाने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि, यदि गन्ने की आपूर्ति बढ़ती है, तो उन्हें एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) का भुगतान समय पर किया जाएगा। साथ ही बेहतर बोनस देने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। भोरमदेव सहकारी चीनी मिल में अब तक लगभग 23 हजार किसान अंशधारक थे। नए 4,691 किसानों के जुड़ने के बाद अंशधारकों की संख्या बढ़कर करीब 28 हजार हो गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले पेराई सत्र में इन नए किसानों ने शेयरधारक बने बिना भी बड़ी मात्रा में गन्ने की आपूर्ति की थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पिछले पेराई सत्र में मिल में 2 लाख 55 हजार 818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस बार इसे बढ़ाकर 4.5 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए नए किसानों को अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती करने तथा अन्य किसानों को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भोरमदेव चीनी मिल किसानों की अपनी संस्था है। जितना अधिक गन्ना कारखाने में पहुंचेगा, उतनी ही बेहतर शुगर रिकवरी होगी, जिससे किसानों और कारखाने दोनों को लाभ मिलेगा। कारखाना प्रबंधन का भी मानना है कि नए अंशधारकों के जुड़ने से गन्ना उत्पादन और आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here