रायपुर: बढ़ती महंगाई और चीनी की कीमतों में तेज वृद्धि के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है। कांग्रेस ने इस आंदोलन को ‘चीनी सत्याग्रह’ नाम दिया है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, पार्टी आने वाले दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में यह आंदोलन शुरू करेगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस आंदोलन की तुलना महात्मा गांधी के दांडी मार्च (नमक सत्याग्रह) से करते हुए कहा कि, बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि, सरकार को तीन से चार महीने पहले ही चीनी की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की जानकारी थी, इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने चीनी की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी के लिए बड़े पैमाने पर गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़े जाने को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि, इससे घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता कम हुई है, जिसके कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई। दीपक बैज ने यह भी आरोप लगाया कि, एथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों में तकनीकी और यांत्रिक समस्याएं पैदा हो रही हैं।कांग्रेस ने बताया कि, छत्तीसगढ़ में ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


















