कृषि व्यापार का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव के लिए कर रहा है चीन, ताइवान ने जताई चिंता

ताइपेई: ताइवान ने आरोप लगाया है कि, चीन हाल ही में आयोजित स्ट्रेट्स फोरम में घोषित कृषि व्यापार समझौतों का उपयोग ताइवान की अर्थव्यवस्था को मुख्यभूमि चीन पर अधिक निर्भर बनाने और वहां के किसानों व मछुआरों पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रहा है। ताइवानी अधिकारियों ने इसे आर्थिक और राजनीतिक जोखिम बढ़ाने वाली रणनीति बताया है।

कृषि खरीद समझौतों पर विवाद…

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीन के शियामेन शहर में आयोजित स्ट्रेट्स फोरम के दौरान चीनी अधिकारियों ने ताइवान के कुओमिन्तांग (KMT) शासित क्षेत्रों — ताइतुंग, युनलिन और नानतोउ — से कृषि और मत्स्य उत्पाद खरीदने के समझौतों की घोषणा की। इनमें एटेमोया, पोमेलो, चाय और ग्रूपर मछली जैसे उत्पाद शामिल हैं। ताइतुंग काउंटी की आयुक्त याओ चिंग-लिंग ने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिस्सा लिया, क्योंकि ताइवान की मेनलैंड अफेयर्स काउंसिल ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की अनुमति नहीं दी थी।

किसानों और मछुआरों के लिए बढ़ सकता है खतरा…

ताइवान सरकार के एक अधिकारी ने चेतावनी दी कि, ये समझौते किसानों और मछुआरों को बड़े राजनीतिक और आर्थिक जोखिमों के सामने खड़ा कर सकते हैं। अधिकारी के अनुसार, चीन पहले भी अपने बाजार पर निर्भरता बढ़ाने के बाद व्यापारिक प्रतिबंधों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर चुका है।

पहले भी लगा चुका है आयात प्रतिबंध…

ताइवान की चिंताओं की बड़ी वजह चीन द्वारा पिछले कुछ वर्षों में लगाए गए आयात प्रतिबंध हैं। वर्ष 2021 में चीन ने ताइवानी अनानास के आयात पर रोक लगा दी थी। बाद में यह प्रतिबंध वैक्स एप्पल और एटेमोया फलों तक बढ़ा दिया गया। वर्ष 2022 में ग्रूपर मछली और कई खट्टे फलों (साइट्रस) के आयात पर भी रोक लगा दी गई, जिससे ताइवान के निर्यातकों और किसानों को भारी नुकसान हुआ।

सीमित पहुंच वाला चीनी बाजार…

हालांकि चीन ने एक बार फिर KMT-शासित क्षेत्रों से उत्पाद खरीदने में रुचि दिखाई है, लेकिन ताइवानी अधिकारियों का कहना है कि चीनी बाजार तक पहुंच अभी भी पूरी तरह नियंत्रित है। केवल चुनिंदा और स्वीकृत फार्मों के उत्पादों को ही चीन में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। अधिकारियों का आरोप है कि बीजिंग इन खरीद समझौतों को सद्भावना के संकेत के रूप में प्रस्तुत करता है, जबकि पर्दे के पीछे कई प्रतिबंध बनाए रखता है।

राजनीतिक आधार पर तय होता है बाजार प्रवेश…

ताइवानी अधिकारियों का आरोप है कि चीनी प्रशासन खाद्य पंजीकरण नियमों और राजनीतिक विचारों के आधार पर यह तय करता है कि किन ताइवानी कंपनियों और किसानों को उसके बाजार तक पहुंच मिलेगी। इससे उत्पादकों के सामने लगातार अनिश्चितता बनी रहती है और वे किसी भी समय नए प्रतिबंधों के खतरे में रहते हैं।

बढ़ती आर्थिक निर्भरता पर चिंता…

ताइवान का मानना है कि यदि किसान और मछुआरे चीन के बाजार पर अत्यधिक निर्भर हो जाते हैं और भविष्य में बीजिंग अचानक आयात बंद कर देता है, तो उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी वजह से ताइवान सरकार स्थानीय प्रशासन और उत्पादकों को चीन पर अत्यधिक निर्भरता से बचने की सलाह दे रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here