फतेहाबाद : हरियाणा में नरमे की फसल लगातार किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। गुलाबी सुंडी, बेमौसमी बारिश और मौसम की अनियमितताओं ने पिछले चार वर्षों में नरमे की खेती को बुरी तरह प्रभावित किया है।हालात यह हैं कि, जिले में नरमे का रकबा करीब 60 हजार हेक्टेयर तक घट गया है और अब किसान तेजी से गन्ने की खेती की ओर रुख कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष जिले में गन्ने का रकबा 2000 हेक्टेयर से बढ़कर करीब 3000 हेक्टेयर तक पहुंचने का अनुमान है। इससे किसानों की आय और जिले की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पिछले कुछ वर्षों में नरमे की फसल को लगातार नुकसान झेलना पड़ा। वर्ष 2021-22 में कम बारिश के कारण फसल सूख गई, जबकि 2022-23 में अत्यधिक वर्षा से उत्पादन प्रभावित हुआ। इसके बाद 2023-24 में गुलाबी सुंडी और 2024-25 में बेमौसमी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। इन परिस्थितियों के कारण नरमे की प्रति एकड़ पैदावार घटकर मात्र दो से चार क्विंटल रह गई।वहीं, गन्ने की खेती किसानों के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है।विशेषज्ञों का कहना है कि, गन्ने की फसल पर ओलावृष्टि, बेमौसमी बारिश और तापमान में बदलाव का अपेक्षाकृत कम असर पड़ता है।वर्तमान में जिले में गन्ने की रोपाई का अंतिम चरण चल रहा है, जिसे खेती के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है।
गन्ना विकास अधिकारी डॉ. रामेश्वर श्योकंद ने किसानों को सलाह दी है कि, गन्ने की रोपाई के दौरान दो कतारों के बीच कम से कम चार फीट की दूरी रखें। इससे फसल की लंबाई और मोटाई बेहतर होती है तथा प्रति एकड़ उत्पादन 400 क्विंटल तक पहुंच सकता है। कम दूरी पर रोपाई करने से फसल में बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। जिले में गन्ने की कई किस्मों की खेती की जा रही है, लेकिन सीओएच-119 किस्म किसानों की पहली पसंद बन गई है। यह किस्म जलभराव और हल्के खारे पानी वाले क्षेत्रों में भी अच्छी पैदावार देती है। कम समय में तैयार होने और बेहतर रंग व स्वाद के कारण इसकी बाजार में मांग भी अधिक है।















