वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़े तनाव का असर वैश्विक कच्चे तेल के बाजार पर दिखाई दिया है। अमेरिका द्वारा ईरान पर नए हमले किए जाने के बाद बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, ईरान द्वारा हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हमले किए जाने के जवाब में यह सैन्य कार्रवाई की गई। अमेरिका ने ईरान की इस कार्रवाई को संघर्ष विराम का उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
ट्रंप ने अंतरिम शांति समझौता खत्म करने की घोषणा की…
नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान तुर्किये की राजधानी अंकारा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, वह ईरान के साथ हुआ अंतरिम शांति समझौता समाप्त कर रहे हैं और अब ईरानी नेतृत्व के साथ कोई बातचीत नहीं करना चाहते। तनाव बढ़ने के बाद अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) कच्चे तेल का भाव बढ़कर 74.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जो 5.8 प्रतिशत की बढ़त है। वहीं, वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 78.35 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जिसमें 5.65 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
पहले बातचीत से नरम पड़े थे तेल के दाम…
जून में दोनों देशों के बीच हुए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बाद तनाव कम होने लगा था। इसके तहत संघर्ष विराम लागू किया गया था और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को 60 दिनों के लिए बिना शुल्क के जहाजों की आवाजाही के लिए खोला गया था। इस कारण कच्चे तेल की कीमतें भी पहले के स्तर पर लौट आई थीं।हालांकि, ताजा घटनाक्रम के बाद बाजार में फिर से अनिश्चितता बढ़ गई है।
महंगाई बढ़ने की आशंका…
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी आ सकती है। इसका असर वैश्विक महंगाई पर पड़ सकता है।अमेरिका में पेट्रोल की खुदरा कीमतें पहले से ही ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। ऐसे में बढ़ती तेल कीमतें अमेरिकी अर्थव्यवस्था और आगामी चुनावी माहौल पर भी असर डाल सकती हैं।


















