बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): जिले के लाखों गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। पेराई सत्र 2025-26 के दौरान संचालित चारों चीनी मिलों ने खरीदे गए गन्ने का 100 प्रतिशत भुगतान किसानों के बैंक खातों में भेज दिया है। अब जिले की किसी भी चीनी मिल पर किसानों का कोई बकाया नहीं बचा है। जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) सना आफरीन ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि, जिले की चीनी मिलों ने किसानों को कुल 1,092 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि गन्ना विभाग की लगातार निगरानी और सरकार की किसान हितैषी व्यवस्था के चलते सभी किसानों को समय पर उनका भुगतान सुनिश्चित किया गया।
रिकॉर्ड 277.56 लाख क्विंटल गन्ने की हुई खरीद…
पेराई सत्र 2025-26 के दौरान जिले की चारों चीनी मिलों साबितगढ़, पहासू, अनामिका शुगर मिल, अगौता, वेव शुगर मिल, बुलंदशहर और दि किसान सहकारी चीनी मिल, अनूपशहरने मिलकर 277.56 लाख क्विंटल गन्ने की रिकॉर्ड खरीद की। इस गन्ने का कुल देय मूल्य 1,09,209.12 लाख रुपये (करीब 1,092 करोड़ रुपये) था, जिसका पूरा भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में कर दिया गया है।
किस चीनी मिल ने कितना खरीदा और कितना भुगतान किया?
साबितगढ़ चीनी मिल जिले में गन्ना खरीद के मामले में सबसे आगे रही। इस मिल ने 121.38 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा और इसके बदले किसानों को 475.40 करोड़ रुपये का शत-प्रतिशत भुगतान किया। अनामिका शुगर मिल, अगौता ने 75.96 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की और किसानों को 299.48 करोड़ रुपये का पूरा भुगतान किया। वेव शुगर मिल, बुलंदशहर ने 47.63 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा, जिसके बदले 187.75 करोड़ रुपये का भुगतान समय पर किसानों के खातों में भेजा गया। वहीं, दि किसान सहकारी चीनी मिल, अनूपशहर ने 32.59 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद कर किसानों को 129.44 करोड़ रुपये का पूर्ण भुगतान कर दिया।


















