नई दिल्ली: भारत की प्रमुख चीनी कंपनियों में शामिल डालमिया भारत शुगर अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने तंजानिया में अपना पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय शुगर प्रोजेक्ट शुरू करने का फैसला किया है।इसके लिए करीब 132 मिलियन डॉलर यानी ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश से एक इंटीग्रेटेड शुगर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह प्रोजेक्ट ईगल एग्रोटेक तंजानिया लिमिटेड के जरिए विकसित किया जाएगा। यह कंपनी ईगल एग्रोटेक होल्डिंग्स लिमिटेड की सहायक कंपनी है। इस परियोजना में डालमिया भारत शुगर की 51% हिस्सेदारी होगी, जबकि बाकी 49% हिस्सेदारी UAE के कारोबारी मोहम्मद अली रशीद अलाब्बार की निवेश कंपनी सिम्फनी ग्लोबल एलएलसी के पास होगी।
10 हजार हेक्टेयर में होगी गन्ने की खेती…
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत तंजानिया में करीब 10,000 हेक्टेयर जमीन पर गन्ने की खेती की जाएगी और एक चीनी मिल स्थापित की जाएगी। कंपनी की योजना भविष्य में खेती का क्षेत्र बढ़ाकर करीब 20,000 हेक्टेयर करने की है।परियोजना की शुरुआती चीनी उत्पादन क्षमता करीब 70,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष होगी। कंपनी इसे आगे बढ़ाकर 1,50,000 मीट्रिक टन सालाना तक ले जाने की योजना बना रही है।
बिजली उत्पादन भी होगा प्रोजेक्ट का हिस्सा…
इंटीग्रेटेड शुगर प्रोजेक्ट में 20 मेगावॉट की को-जनरेशन पावर फैसिलिटी भी शामिल होगी। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 40 मेगावॉट तक की जा सकती है। इससे परियोजना की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ इसकी समग्र क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।तंजानिया का यह प्रोजेक्ट डालमिया भारत शुगर के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे कंपनी को अपने कारोबार का भौगोलिक विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, यह निवेश भारत के बाहर कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन क्षमता बढ़ाने की रणनीति का भी संकेत है। तंजानिया में खेती, चीनी उत्पादन और बिजली उत्पादन को एक साथ जोड़ने वाला यह प्रोजेक्ट कंपनी के वैश्विक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


















