पटना: बिहार सरकार राज्य में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोगमुक्त पौध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 44 हाईटेक गन्ना नर्सरियां स्थापित करने की योजना बना रही है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य किसानों को बेहतर किस्म के गन्ने के पौधे उपलब्ध कराना है। गन्ना उद्योग विभाग ने पहली बार यह योजना शुरू की है।
इसके तहत प्रस्तावित नर्सरियों के माध्यम से हर साल करीब 2.20 करोड़ उन्नत और रोगमुक्त गन्ना पौध तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक नर्सरी में सिंगल-बड प्लांटलेट तकनीक का इस्तेमाल कर सालाना लगभग पांच लाख पौधे तैयार किए जाएंगे।फिलहाल चार स्थानों पर नर्सरी स्थापित करने का काम आगे बढ़ रहा है। पटना और जमुई जिले में एक-एक नर्सरी स्थापित की जा रही है, जबकि मुजफ्फरपुर जिले में दो नर्सरियों को मंजूरी दी गई है।
वर्तमान में बिहार में करीब 2.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है। विभाग का लक्ष्य इस क्षेत्र का विस्तार करना है, खासकर उन इलाकों में जहां चीनी मिलें नहीं हैं। गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री की उपलब्धता से राज्य में प्रस्तावित 25 नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को फिर से शुरू करने की योजनाओं को भी मदद मिलने की उम्मीद है। इन मिलों के संचालन के लिए गन्ने की नियमित और भरोसेमंद आपूर्ति जरूरी होगी।
इस योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर नर्सरी संचालन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण युवाओं तथा महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। इन नर्सरियों का विकास सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत किया जाएगा। प्रगतिशील किसान, जीविका समूह, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), निजी उद्यमी, चीनी मिलें और गुड़ निर्माता बिहार केन केयर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।एक नर्सरी स्थापित करने की अनुमानित लागत 15 लाख रुपये है। इस हिसाब से 44 नर्सरियों की कुल लागत 6.60 करोड़ रुपये होगी। सरकार परियोजना लागत का अधिकतम 75 प्रतिशत अनुदान देगी। हालांकि, प्रति नर्सरी सब्सिडी की अधिकतम सीमा 11.25 लाख रुपये निर्धारित की गई है।



















mujhe nashari kholana hai ham bihar sitamrhi se hai
very good attempt