डीसीएम श्रीराम ने प्रति हेक्टेयर 1,500 क्विंटल से अधिक गन्ना उत्पादन करनेवाले किसानों को किया सम्मानित

हरदोई (उत्तर प्रदेश) : डीसीएम श्रीराम लिमिटेड शुगर समूह की ओर से बुधवार को शाहाबाद स्थित हरियाली कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रूपापुर, हरियावां और लोनी चीनी मिल इकाइयों से जुड़े किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 154 किसानों को सम्मान मिला। प्रति हेक्टेयर 1,500 क्विंटल से अधिक गन्ने की पैदावार हासिल करने वाले किसानों में रूपापुर चीनी मिल क्षेत्र के ग्राम महसूलापुर निवासी अमर सिंह, हरियावां चीनी मिल क्षेत्र के ग्राम नूरुद्दीनपुर निवासी रामचरन और लोनी चीनी मिल क्षेत्र के ग्राम भदेवनी निवासी रामप्रकाश ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इन किसानों ने प्रति हेक्टेयर 1,500 क्विंटल से अधिक गन्ना उत्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। यह सफलता डीसीएम श्रीराम समूह द्वारा दो वर्ष पहले शुरू किए गए ‘उपज बढ़ाओ अभियान’ का परिणाम मानी जा रही है। अभियान का नारा था—‘सुख-समृद्धि का संकल्प, अधिक उपज ही एक विकल्प।’ अभियान के तहत किसानों को विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें वैज्ञानिक खेती की तकनीकों, उर्वरकों और जैविक खाद के संतुलित इस्तेमाल, कृषि यंत्रों की उपलब्धता तथा रोग और कीट प्रबंधन के संबंध में लगातार मार्गदर्शन दिया गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कार्यक्रम का उद्घाटन अपर गन्ना आयुक्त विकास वी.के. शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि, इस तरह की पहल किसानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती है और उनकी आय बढ़ाने के प्रयासों को मजबूती देती है। उन्होंने गन्ने की खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाने के लिए अधिक उत्पादन को सबसे प्रभावी उपाय बताया।वी.के. शुक्ल ने कहा कि. गन्ना विभाग किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सट्टा नीति 2025-26 में मशीनीकृत गन्ना कटाई तथा नए और लघु किसानों को प्राथमिकता के आधार पर गन्ना आपूर्ति का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य गन्ने की खेती को अधिक सरल और टिकाऊ बनाना है।

उन्होंने किसानों से अपना पूरा गन्ना चीनी मिलों को ही आपूर्ति करने की अपील की, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके। साथ ही उन्होंने बताया कि सोसाइटी का नया सदस्य बनने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के निदेशक डॉ. एस.एन. सुशील ने किसानों को गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ गन्ने के खेती क्षेत्र में विस्तार पर भी जोर दिया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here