महाराष्ट्र में सूखे का संकट: मराठवाड़ा में 35% बारिश की कमी, फसल नुकसान का जायजा लेने पहुंची केंद्रीय टीम

छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं होने और जलस्रोतों में पानी घटने के कारण कृषि संकट गहराता जा रहा है। सूखे की स्थिति और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की एक टीम ने बीड सहित कई जिलों में प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। टीम ने फसल नुकसान, पानी की उपलब्धता और ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर पड़े प्रभाव का जायजा लिया। टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के मुताबिक, क्षेत्र में औसत मौसमी बारिश की तुलना में करीब 35% की कमी दर्ज की गई है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुक्तानंद अग्रवाल के नेतृत्व में केंद्रीय दल ने शुक्रवार को छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड जिलों का दौरा किया। टीम शनिवार को धाराशिव जिले का दौरा करने वाली है।

मराठवाड़ा में औसत बारिश का केवल 65.35% दर्ज

ChiniMandi WhatsApp Channel

केंद्रीय टीम के सामने दिए गए प्रस्तुतीकरण में संभागीय आयुक्त जी. श्रीकांत ने बताया कि मराठवाड़ा में अब तक औसत मौसमी बारिश का केवल 65.35% पानी बरसा है। क्षेत्र के कुल 496 राजस्व मंडलों में से 37 में 30 दिनों से अधिक समय तक बारिश नहीं हुई, जबकि 155 राजस्व मंडलों में 21 से 30 दिनों तक बारिश का अभाव रहा। खरीफ की बुवाई करीब 52 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में होने के बावजूद लंबे समय तक नमी की कमी ने फसलों की वृद्धि को प्रभावित किया है। इससे पैदावार घटने की आशंका बढ़ गई है। श्रीकांत के अनुसार, क्षेत्र के जलाशयों में जल भंडारण उनकी कुल क्षमता के मुकाबले घटकर 30.7% रह गया है। वहीं, जालना, धाराशिव और लातूर जिलों में भूजल स्तर पिछले पांच वर्षों के औसत से 4 से 5 मीटर नीचे चला गया है।

190 गांवों और 157 बस्तियों में टैंकरों से पानी

जल संकट का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। वर्तमान में करीब 190 गांव और 157 बस्तियां पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं। स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रशासन ने 603 कुओं को अपने नियंत्रण में लिया है।अधिकारियों के मुताबिक, अगले वर्ष अगस्त तक पेयजल की मांग पूरी करने के लिए पानी के संरक्षण और प्रबंधन के कड़े उपाय करने होंगे।

बीड में गन्ना, कपास और सोयाबीन की फसलों का निरीक्षण

बीड जिले के गेवराई और बीड तालुकों में अधिकारियों ने गन्ना, कपास, सोयाबीन और अरहर की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि जुलाई की शुरुआत से जारी लंबे सूखे के कारण खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं और स्थानीय जलस्रोत भी सूखने लगे हैं। गेवराई तालुका के किसान मदन रामभाऊ मोटे ने बताया कि बार-बार बारिश नहीं होने से उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा है। उनका कुआं सूख जाने के बाद उन्हें टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत और बढ़ गई है। केंद्रीय टीम ने सूख चुकी सिंदफना नदी के तल का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा, माजलगांव बांध में पानी की उपलब्धता की समीक्षा की गई, जहां जल भंडारण घटकर सामान्य स्तर के केवल 26% पर रह गया है।

छत्रपति संभाजीनगर और जालना में भी फसलों को नुकसान

छत्रपति संभाजीनगर जिले के डेमानी गांव में टीम ने किसान विकास देविदास शिंदे के सोयाबीन खेत का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर फसल नुकसान और खेती की बढ़ती लागत के बारे में जानकारी ली।जालना जिले में जिला कलेक्टर अषिमा मित्तल के साथ केंद्रीय दल ने बदनापुर और अंबड तालुकों में सूखे से प्रभावित सोयाबीन, कपास, अदरक और मौसंबी के खेतों का दौरा किया।टीम ने सूखे पड़े खेत तालाब, पानी से खाली हो चुके कुओं और लगभग सूख चुके गल्हाटी मध्यम सिंचाई प्रकल्प का भी निरीक्षण किया। पानी की घटती उपलब्धता से मछली पालन पर निर्भर 106 परिवारों की आजीविका पर संकट पैदा हो गया है।

ग्रामीण रोजगार और परिवारों की आय पर भी असर

केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल ने फसल नुकसान का आकलन करने के साथ महिला कृषि मजदूरों से भी बातचीत की। इसका उद्देश्य यह समझना था कि फसल खराब होने से ग्रामीण रोजगार और परिवारों की आय किस तरह प्रभावित हो रही है।चर्चा के दौरान सामने आया कि सूखे का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि खेती पर निर्भर ग्रामीण समुदायों की आर्थिक स्थिति और रोजगार के अवसरों पर भी पड़ रहा है। इस प्रतिनिधिमंडल में महालनोबिस राष्ट्रीय फसल पूर्वानुमान केंद्र के उपनिदेशक सुनील कुमार दुबे, नीति आयोग के सलाहकार डॉ. जसपाल सिंह और पशुधन अधिकारी डॉ. साक्षी भदौरिया शामिल थे। महाराष्ट्र के कृषि सचिव परिमल सिंह भी टीम के साथ मौजूद रहे।

केंद्र को सौंपी जाएगी आकलन रिपोर्ट

मुक्तानंद अग्रवाल ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार को एक निष्पक्ष आकलन रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस रिपोर्ट के जरिए सूखे से फसलों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति और क्षेत्र पर पड़े व्यापक प्रभाव का आकलन करने में मदद मिलेगी। रिपोर्ट के निष्कर्ष मराठवाड़ा में कृषि संकट की गंभीरता को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here