महाराष्ट्र में सूखे की मार से गन्ना, मक्का और सोयाबीन उत्पादन पर संकट, खाद्य महंगाई की चिंता बढ़ी

मुंबई: महाराष्ट्र में लंबे समय से जारी सूखे और बारिश की कमी ने गन्ना, सोयाबीन और मक्का की फसलों पर संकट खड़ा कर दिया है। इससे फसल उत्पादन में गिरावट की आशंका बढ़ गई है, जिसका असर आगे चलकर खाद्य पदार्थों और पशु आहार की कीमतों पर पड़ सकता है। इससे देशभर में खाद्य महंगाई को लेकर चिंता बढ़ रही है। महाराष्ट्र देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में शामिल है और देश के कुल गन्ना उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब एक-चौथाई है। वहीं, भारत के सोयाबीन उत्पादन में महाराष्ट्र का योगदान करीब आधा और मक्का उत्पादन में लगभग 11 प्रतिशत है। ऐसे में राज्य में उत्पादन में बड़ी गिरावट से आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और खाद्य श्रृंखला के कई हिस्सों में महंगाई का दबाव बढ़ सकता है।

‘मनीकंट्रोल’ में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, गन्ने के उत्पादन पर असर का व्यापक प्रभाव चीनी और एथेनॉल उद्योगों पर पड़ सकता है। वहीं, मक्का और सोयाबीन की उपलब्धता घटने से पोल्ट्री, डेयरी और अन्य पशुपालन क्षेत्रों के लिए पशु आहार की लागत बढ़ सकती है। इनपुट लागत बढ़ने का असर दूध, अंडे, मांस और अन्य खाद्य उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। महाराष्ट्र सरकार ने 2026 के खरीफ सीजन में कम बारिश और लंबे शुष्क दौर से फसलों को हुए नुकसान के बाद राज्य की 358 में से 265 तहसीलों में सूखा घोषित किया है। यह राज्य के करीब 74 प्रतिशत हिस्से को प्रभावित करता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

खरीफ का मौसम आम तौर पर जून से अक्टूबर तक रहता है। इस दौरान सोयाबीन, मक्का, कपास और दलहन जैसी फसलें उगाई जाती हैं और इनकी पैदावार काफी हद तक मानसून पर निर्भर रहती है। मिट्टी में लगातार कम नमी और पानी की उपलब्धता की कमी से अक्टूबर के बाद गेहूं, चना और अन्य दलहनी फसलों की रबी बुवाई भी प्रभावित हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 28 सितंबर के बीच महाराष्ट्र में 801.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि का दीर्घकालिक औसत 986.7 मिलीमीटर है। यानी राज्य में बारिश में करीब 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

बारिश की कमी ने राज्य में खाद्य और नकदी दोनों फसलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र देश का सबसे बड़ा सोयाबीन उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक राज्य है। इसके अलावा राज्य में कपास, फल और सब्जियों का भी बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। सोयाबीन और मक्का की फसलों पर पड़ने वाला दबाव पशुपालन उद्योग के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि दोनों ही पशु आहार के प्रमुख घटक हैं। कंपाउंड लाइवस्टॉक फीड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दिव्या कुमार गुलाटी ने ‘मनीकंट्रोल’ से बातचीत में कहा कि, यदि सूखे के कारण पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की उपलब्धता में उल्लेखनीय कमी आती है, तो इसका असर कृषि क्षेत्र से आगे भी दिखाई दे सकता है।

गुलाटी के अनुसार, मक्का और सोयाबीन की आपूर्ति कमजोर होने से पशु आहार के कच्चे माल का बाजार प्रभावित हो सकता है और पोल्ट्री, डेयरी तथा अन्य पशुपालकों की लागत बढ़ सकती है। इससे पहले से ही खेती से जुड़ी लागत के दबाव का सामना कर रहे उत्पादकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। इसका असर आगे चलकर पशुपालन से जुड़ी पूरी आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ सकता है। पशु आहार की लागत बढ़ने से किसानों और उत्पादकों की लागत प्रभावित होगी और उपभोक्ताओं को दूध, अंडे, मांस तथा अन्य पशु-आधारित खाद्य पदार्थों के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

महाराष्ट्र में सूखे के संभावित व्यापक प्रभाव को कृषि और आर्थिक विशेषज्ञ भी गंभीरता से देख रहे हैं। राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को फसलों को हुए नुकसान का आकलन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सूखा राहत उपायों का फोकस किसानों, कृषि मजदूरों और इससे प्रभावित अन्य श्रमिकों पर रहेगा। सरकार को उन जिंसों की आपूर्ति में संभावित कमी को रोकने के लिए भी कदम उठाने पड़ सकते हैं, जिनकी उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इनमें जरूरत पड़ने पर आयात की संभावना और अन्य राज्यों में उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन जैसे उपाय शामिल हो सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here