नई दिल्ली: द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के शेयरधारकों ने कंपनी की 32वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में गौतम आर. मोरारका की पूर्णकालिक निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उन्हें कंपनी का कार्यकारी अध्यक्ष (एग्जीक्यूटिव चेयरमैन) नामित किया जाएगा। कंपनी ने यह जानकारी नियामकीय फाइलिंग में दी।
फाइलिंग के अनुसार, गौतम मोरारका को लगातार पांच वर्षों की अवधि के लिए कार्यकारी निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्त किया गया है। यह जानकारी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के लिस्टिंग ऑब्लिगेशन एंड डिस्क्लोजर रिक्वायरमेंट्स (एलओडीआर) विनियम, 2015 के विनियमन 30 तथा 9 सितंबर 2015 के सेबी परिपत्र के तहत जारी की गई।
कंपनी ने बताया कि, गौतम मोरारका को चीनी और संबद्ध उद्योगों में चार दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्हें रणनीतिक योजना, व्यवसाय विस्तार और एकीकृत चीनी परिसरों के संचालन प्रबंधन, जिसमें डिस्टिलरी संचालन भी शामिल है, का व्यापक अनुभव प्राप्त है।
फाइलिंग के अनुसार, उन्होंने कई चीनी निर्माण इकाइयों और डिस्टिलरी संयंत्रों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा, उन्होंने कंपनी के कॉरपोरेट गवर्नेंस और दीर्घकालिक व्यावसायिक रणनीति को मजबूत करने में भी योगदान दिया है।
कंपनी ने यह भी खुलासा किया कि, कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल प्रियंका जी. मोरारका उनकी पुत्री हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि गौतम मोरारका पर सेबी या किसी अन्य नियामक प्राधिकरण द्वारा निदेशक पद संभालने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।


















