नई दिल्ली: भारत का एथेनॉल कार्यक्रम आने वाले वर्षों में ऊर्जा सुरक्षा, कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और जलवायु परिवर्तन से निपटने में और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट अफेयर्स एंड गवर्नेंस) विक्रम गुलाटी ने कहा कि, E20 अब देश का मानक ईंधन बनने जा रहा है और अप्रैल 2023 के बाद बेचे गए सभी वाहन इसके साथ पूरी तरह अनुकूल हैं। ANI से विशेष बातचीत में विक्रम गुलाटी ने कहा कि, अब सबसे बड़ी जरूरत उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करने और एथेनॉल को कार्बन-न्यूट्रल ईंधन के रूप में व्यापक स्तर पर अपनाने की है। उन्होंने कहा, “E20 मानक ईंधन है, जो पुराने और नए दोनों प्रकार के वाहनों के लिए सुरक्षित और उपयुक्त है।”
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2023 के बाद बेचे गए सभी वाहन E20 ईंधन के अनुरूप बनाए गए हैं। हालांकि, E85 और E100 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन सामान्य वाहनों के लिए नहीं हैं और इनके लिए फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाले विशेष वाहनों की आवश्यकता होती है। विक्रम गुलाटी ने बताया कि, भारत के एथेनॉल कार्यक्रम की शुरुआत देश की ऊर्जा आयात पर निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि, भारत लंबे समय से कच्चे तेल का बड़ा आयातक रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था पर भारी बोझ पड़ता है, पर्यावरण प्रभावित होता है और वैश्विक आपूर्ति में किसी भी व्यवधान का सीधा असर देश पर पड़ता है। उन्होंने पश्चिम एशिया के हालिया संकट का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे हालात ऊर्जा आत्मनिर्भरता की आवश्यकता को और अधिक स्पष्ट करते हैं।
उन्होंने बताया कि, वर्ष 2018 के बाद सरकार ने इस कार्यक्रम को किसानों की आय बढ़ाने से भी जोड़ दिया। उनके अनुसार, गन्ना और धान जैसी फसलों का अतिरिक्त उत्पादन अक्सर बर्बाद हो जाता था। ऐसे में सरकार ने अतिरिक्त चीनी और खाद्यान्न को निर्यात करने पर खर्च करने के बजाय शीरे (मोलासेस) और अतिरिक्त अनाज से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया।गुलाटी ने दावा किया कि, इस योजना से अब तक देश को 1.9 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है, जिसमें से 1.60 लाख करोड़ रुपये किसानों तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश और गन्ना उत्पादक अन्य राज्यों में किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
पर्यावरण के दृष्टिकोण से एथेनॉल को बेहद प्रभावी बताते हुए उन्होंने कहा कि, यह कार्बन-न्यूट्रल ईंधन है। उनके अनुसार, फसलें बढ़ते समय वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करती हैं और ईंधन के रूप में उपयोग के दौरान निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड दोबारा पौधों द्वारा अवशोषित कर ली जाती है, जिससे कार्बन चक्र संतुलित रहता है।एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर फैली भ्रांतियों पर उन्होंने कहा कि E20 से वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका निराधार है। उन्होंने ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की वर्ष 2021 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पुराने कारों और दोपहिया वाहनों पर E20 का प्रभाव बेहद मामूली पाया गया है। माइलेज के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि E20 के उपयोग से ईंधन दक्षता में करीब 2 से 4 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है, लेकिन इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।एथेनॉल संयंत्रों से होने वाले प्रदूषण पर उठने वाले सवालों को भी उन्होंने खारिज किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी एथेनॉल प्लांट पर्यावरणीय मंजूरी के बाद ही संचालित होते हैं, जीरो-एफ्लुएंट प्रणाली पर काम करते हैं और बगास जैसे उप-उत्पादों का पुनः उपयोग करते हैं। इसलिए उनकी उत्पादन प्रक्रिया पर्यावरण के अनुकूल और बेहद स्वच्छ है।


















