एल नीनो और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट से बढ़ सकती है वैश्विक खाद्य महंगाई :सिटी रिसर्च रिपोर्ट

नई दिल्ली: वैश्विक खाद्य महंगाई में आने वाले महीनों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। सिटी रिसर्च की एक नई रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि, एल नीनो के बढ़ते प्रभाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित व्यवधान के कारण कृषि जिंसों की कीमतों पर अगले 6 से 12 महीनों में भारी दबाव बन सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, कृषि बाजार पहले से ही आपूर्ति संबंधी जोखिमों का सामना कर रहे हैं। ऊर्जा लागत में बढ़ोतरी, उर्वरकों की कमी और एल नीनो से जुड़ी खराब मौसम परिस्थितियां खाद्य उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं।

सिटी रिसर्च ने अपनी कमोडिटी आउटलुक रिपोर्ट में कहा कि, यदि होर्मुज जलडमरूमध्य लंबे समय तक बाधित रहता है, तो कृषि उत्पादन की लागत तेजी से बढ़ सकती है। इसके पीछे मुख्य कारण ऊर्जा कीमतों में वृद्धि और उर्वरकों की उपलब्धता में कमी होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि, तेल आधारित फफूंदनाशक और कीटनाशकों की कमी से फसलों की सुरक्षा प्रभावित होगी, जिससे उत्पादन और उपज दोनों में गिरावट आ सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि, जीवाश्म ईंधन की बढ़ती कीमतें कृषि उत्पादों के बायोफ्यूल के रूप में उपयोग को भी बढ़ावा देंगी, जिससे खाद्य वस्तुओं की कीमतों में और तेजी आ सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सिटी रिसर्च के मुताबिक, इस वर्ष कृषि जिंसों की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी शुरू हो चुकी है। मई के मध्य तक वैश्विक कृषि उत्पादों की कीमतों में लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। चीनी, कोको और कॉफी जैसी फसलें एल नीनो और ऊर्जा संकट से सबसे अधिक प्रभावित हो सकती हैं। एल नीनो के कारण एशिया के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने और बारिश कम होने की आशंका है, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित हो सकता है और वैश्विक खाद्य आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है। साथ ही, वैश्विक खाद्य सूचकांक में भी इस वर्ष अप्रैल तक करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो बढ़ती खाद्य महंगाई की ओर संकेत करती है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब मध्य पूर्व में जारी तनाव और वैश्विक सप्लाई चेन में बाधाओं के कारण ऊर्जा और खाद्य बाजारों में अस्थिरता बनी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here