एल नीनो से ब्राजील में गन्ने की फसल को मिल सकता है फायदा, 2026-27 सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद : Copersucar

साओ पाउलो : मौसम संबंधी घटना एल नीनो ब्राजील में वर्ष 2026-27 के गन्ना सीजन के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। दुनिया की सबसे बड़ी चीनी व्यापारिक कंपनी कोपरसुकार (Copersucar) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टॉमस मंज़ानो ने मंगलवार को कहा कि एल नीनो के प्रभाव से अगस्त तक सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है, जिससे गन्ने की फसल के विकास को बढ़ावा मिल सकता है। हालांकि, मंज़ानो ने स्पष्ट किया कि बेहतर फसल के बावजूद एल नीनो का प्रभाव गन्ने की पेराई (क्रशिंग) और चीनी की ढुलाई (शिपमेंट) के लिए अनुकूल नहीं रहेगा। उनका कहना है कि, प्रतिकूल मौसम परिचालन गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है, जिससे उत्पादन प्रक्रिया और आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।

दुनिया की सबसे बड़ी चीनी व्यापारी कंपनी कोपरसुकार ने मंगलवार को जारी अपने वित्तीय आंकड़ों में बताया कि, वर्ष 2025-26 सीजन में उसकी चीनी बिक्री सालाना आधार पर लगभग 9 प्रतिशत बढ़कर 1.70 करोड़ टन पहुंच गई।कंपनी के अनुसार, इसी अवधि में एथेनॉल की बिक्री भी 10 प्रतिशत बढ़कर 21 अरब लीटर हो गई, जबकि कंपनी का कुल राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में 5.5 प्रतिशत बढ़कर 65.8 अरब ब्राजीलियाई रियाल (लगभग 12.7 अरब अमेरिकी डॉलर) हो गया। टॉमस मंज़ानो ने कहा कि, कंपनी को आने वाले समय में भी बिक्री में लगातार वृद्धि की उम्मीद है। इसके पीछे कंपनी की प्रसंस्करण एवं लॉजिस्टिक सुविधाओं का विस्तार, गन्ने की संभावित बड़ी फसल और वैश्विक बाजार में चीनी की बढ़ती मांग प्रमुख कारण होंगे।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here