नई दिल्ली : प्रस्तावित कॉर्पोरेट एवरेज फ्यूल एफिशिएंसी (CAFE-3) मानकों पर चर्चा के बीच इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने सरकार से फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों (FFVs) के लिए मजबूत प्रोत्साहन शामिल करने की मांग की है। ‘बिजनेसलाइन’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक, ISMA का कहना है कि, एथेनॉल उद्योग में E20 मांग के अनुमान से अधिक उत्पादन क्षमता बन रही है, जिससे आने वाले समय में अतिरिक्त आपूर्ति की स्थिति पैदा हो सकती है।
13 अप्रैल को ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल को लिखे पत्र में ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, CAFE-3 ढांचे में फ्लेक्स-फ्यूल वाहन और इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने से संबंधित प्रावधान स्पष्ट रूप से शामिल किए जाएं। ISMA ने चेतावनी दी है कि, यदि वाहन तकनीक को अपनाने की गति तेज नहीं हुई, तो देश में एथेनॉल की अतिरिक्त आपूर्ति बढ़ सकती है। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब सरकार ऑटोमोबाइल उद्योग के साथ CAFE-3 मसौदा मानकों पर विचार-विमर्श कर रही है। भारत के एथेनॉल मिश्रण रोडमैप के तहत निकट भविष्य में E25 ईंधन मिश्रण को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
बल्लानी ने फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की बाजार स्वीकृति बढ़ाने के लिए कर संबंधी समर्थन की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि, ऐसे वाहनों पर वस्तु एवं सेवा कर (GST) को तर्कसंगत बनाकर इलेक्ट्रिक वाहनों की तरह 5 प्रतिशत किया जाना चाहिए।वर्तमान में चार मीटर से कम लंबाई और 1200cc से 1500cc इंजन क्षमता वाले पेट्रोल-डीजल वाहनों पर 18 प्रतिशत GST लागू है, जबकि बड़े लग्जरी कार और एसयूवी पर यह 40 प्रतिशत तक है।
CAFE-3 के तहत बदलते ईंधन मिश्रण में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के लाभ पर जोर देते हुए बल्लानी ने कहा कि, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन किसी भी मिश्रण—E20, E22, E50, E85 या E100—पर चल सकते हैं। इससे उपभोक्ता को विकल्प मिलता है कि वह उपलब्ध और सस्ता ईंधन चुन सके। उन्होंने कहा कि, ग्राहकों पर किसी एक मिश्रण की E20 मांगबाध्यता नहीं होनी चाहिए और उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार ईंधन भरने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।


















