FY26 में तेल कंपनियों के लिए एथेनॉल खरीद लागत ₹71 प्रति लीटर से अधिक : सरकार

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने लोकसभा में जानकारी दी कि, एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2025-26 के दौरान एथेनॉल की भारित औसत एक्स-मिल कीमत ₹66.61 प्रति लीटर रही, जबकि जीएसटी और परिवहन शुल्क जोड़ने के बाद तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की खरीद लागत ₹71 प्रति लीटर से अधिक रही। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि, 1 नवंबर 2025 से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहे मौजूदा एथेनॉल आपूर्ति वर्ष में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के लिए अनुमानित खरीद लागत ₹71.18 प्रति लीटर, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के लिए ₹71.10 प्रति लीटर और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के लिए ₹71.21 प्रति लीटर है। इन आंकड़ों में 5 प्रतिशत जीएसटी और परिवहन लागत शामिल है। यह जानकारी सांसद डॉ. टी. सुमथी (थमिझाची थंगापांडियन) द्वारा एथेनॉल की बढ़ती लागत और यह पूछे जाने पर दी गई कि क्या पेट्रोल का उत्पादन इथेनॉल की तुलना में सस्ता पड़ता है।

अलग-अलग कच्चे माल पर अलग कीमत

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार के अनुसार, एक्स-मिल कीमत कच्चे माल (फीडस्टॉक) के आधार पर अलग-अलग रही। सबसे कम कीमत सी-हैवी शीरा (C-heavy molasses) से बने एथेनॉल की ₹57.97 प्रति लीटर रही। इसके बाद भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अतिरिक्त चावल से बने एथेनॉल की कीमत ₹60.32 प्रति लीटर और बी-हैवी शीरा (B-heavy molasses) से बने इथेनॉल की कीमत ₹60.73 प्रति लीटर रही। क्षतिग्रस्त खाद्यान्न से बने एथेनॉल की कीमत ₹64 प्रति लीटर, जबकि गन्ना रस, शुगर सिरप और चीनी से बने इथेनॉल की कीमत ₹65.61 प्रति लीटर निर्धारित की गई। सबसे अधिक कीमत मक्का (मकई) से बने एथेनॉल की रही, जो ₹71.86 प्रति लीटर थी। सरकार ने स्पष्ट किया कि ये सभी एक्स-मिल दरें हैं, जिनमें जीएसटी और परिवहन लागत शामिल नहीं है।

एथेनॉल नीति का उद्देश्य किसानों और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देना

राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि, इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के तहत अपनाई गई खरीद व्यवस्था का उद्देश्य पर्याप्त इथेनॉल उपलब्ध कराना, उत्पादकों को लाभकारी मूल्य देना और कृषि क्षेत्र को समर्थन प्रदान करना है, न कि तेल कंपनियों का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए पश्चिम एशिया संकट के दौरान अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में 70-80 प्रतिशत तक वृद्धि हुई, लेकिन सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां इथेनॉल की खरीद लगभग ₹70 प्रति लीटर की दर से करने में सफल रहीं।

पेट्रोल पर कंपनियों को ₹11 प्रति लीटर का नुकसान

सरकार ने बताया कि, मार्च से जून 2026 के बीच पेट्रोल का औसत डिपो मूल्य लगभग ₹85.8 प्रति लीटर था, लेकिन इस अवधि में तेल कंपनियों को औसतन ₹11 प्रति लीटर का अंडर-रिकवरी (हानि) उठानी पड़ी, जिसकी कुल राशि लगभग ₹21,300 करोड़ रही। मंत्री ने कहा कि, पश्चिम एशिया संकट के चरम पर जब भारतीय कच्चे तेल का बास्केट मूल्य लगभग 135 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, तब पेट्रोल की कीमत करीब ₹125 प्रति लीटर हो सकती थी। हालांकि, दिल्ली में उपभोक्ताओं को ₹94.77 प्रति लीटर की दर से पेट्रोल उपलब्ध कराया गया। इसमें इथेनॉल की अपेक्षाकृत कम लागत ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरकार के अनुसार, आयातित पेट्रोल के एक हिस्से को घरेलू स्तर पर उत्पादित इथेनॉल से प्रतिस्थापित करने से भारत की कच्चे तेल की कीमतों और विनिमय दर में उतार-चढ़ाव पर निर्भरता कम हुई है, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिली है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here