लखनऊ : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024-25 के दौरान एथेनॉल उत्पादन में 23 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का कुल एथेनॉल उत्पादन बढ़कर 2.23 अरब लीटर हो गया, जो 2023-24 में 1.8 अरब लीटर था। यह वृद्धि भारत के जैव ईंधन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की मजबूत भूमिका को दर्शाती है। भारत सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को मौजूदा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की दिशा में काम कर रही है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इस लक्ष्य को और अधिक महत्व मिला है। बिजनेस स्टैण्डर्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा गन्ना और एथेनॉल उत्पादक राज्य है। राज्य में लगभग 29.7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, जिससे करीब 48 लाख किसान परिवार जुड़े हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, देश में 20 प्रतिशत एथेनॉल ब्लेंडिंग हासिल होने से हर साल लगभग 4.5 करोड़ बैरल कच्चे तेल की बचत हो रही है। इससे अब तक करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाई जा चुकी है। अमेठी जिले स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (RGIPT) नवीकरणीय और हरित ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकों पर काम कर रहा है। संस्थान के निदेशक हरीश हिरानी ने ‘बिजनेस स्टैण्डर्ड’ बताया कि, संस्थान ने बायोगैस उत्पादन क्षमता में वृद्धि की है और इसका व्यावहारिक उपयोग भी शुरू किया गया है।
अवाडा एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी किशोर नायर के अनुसार, अगले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये का निजी निवेश आकर्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि, वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और सप्लाई चेन जोखिमों ने ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक विकास और स्थिरता को एक-दूसरे से और अधिक जोड़ दिया है। राज्य में गन्ने की उत्पादकता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 2016-17 से पहले प्रति हेक्टेयर उत्पादन 72 टन था, जो 2025-26 में बढ़कर 84 टन प्रति हेक्टेयर हो गया है।
उत्तर प्रदेश की 125 संचालित चीनी मिलों की कुल दैनिक पेराई क्षमता भी बढ़कर 8.36 लाख टन प्रतिदिन हो गई है, जो 2017 से पहले 7.50 लाख टन प्रतिदिन थी। गन्ना विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, वर्ष 2017 से 2026 के बीच राज्य में गन्ना किसानों को 3.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में कृषि विस्तार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके तहत गन्ना किसान आधुनिक तकनीकों और उन्नत बीजों का तेजी से उपयोग कर रहे हैं।


















