लखनऊ में गन्ना संस्थान के बाहर किसान नेताओं का धरना, बैठक स्थल में प्रवेश नहीं मिलने पर जताया विरोध

लखनऊ (उत्तर प्रदेश): भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत और अन्य किसान नेताओं ने गुरुवार को लखनऊ स्थित गन्ना संस्थान के बाहर धरना दिया। शुक्रवार को प्रस्तावित बैठक की तैयारियों के लिए संस्थान पहुंचे किसान नेताओं ने गेट बंद पाया। इसके बाद उन्होंने परिसर में बैठक करने की अनुमति देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। द प्रिंट की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों ने चेतावनी दी कि गेट नहीं खोले जाने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

दो से तीन घंटे तक चला धरना

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह धरना लखनऊ के डालीबाग इलाके में स्थित संस्थान के गेट नंबर-1 के बाहर करीब दो से तीन घंटे तक चला। किसानों का आरोप था कि उन्हें बैठक से संबंधित सामग्री परिसर के अंदर ले जाने से रोका जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि प्रवेश की अनुमति नहीं मिली, तो वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। जरूरत पड़ने पर वे रातभर भी धरने पर बैठने को तैयार थे। पीटीआई से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि, किसानों ने 23 अक्टूबर को संस्थान में बैठक आयोजित करने की योजना बनाई थी और तैयारियों के लिए वे एक दिन पहले ही पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि, अनुमति नहीं मिलने पर किसान गेट के बाहर ही बैठक करेंगे, लेकिन परिसर के इस्तेमाल की अनुमति मांगते रहेंगे।

गन्ने का दाम बढ़ाने और बकाया भुगतान की मांग

किसान नेताओं ने कई मांगें उठाईं। इनमें गन्ने का मूल्य बढ़ाना, किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का निपटारा करना, धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था सुधारना और विकास परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित जमीन का अधिक मुआवजा देना शामिल है। टिकैत ने कहा कि, गन्ना किसानों को अभी भी भुगतान का इंतजार है। इसमें पिछले पेराई सत्र का बकाया भी शामिल है। उन्होंने धान खरीद केंद्र खोलने और वहां खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने की मांग भी की।

धान के दाम और जमीन के मुआवजे पर उठाए सवाल

धान की कीमतों पर टिकैत ने दावा किया कि, किसानों को अपेक्षित दर से करीब 1,000 रुपये प्रति क्विंटल कम कीमत पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने वर्तमान में अधिग्रहित की जा रही जमीन के मुआवजे के लिए वर्ष 2013 की सर्किल दरों के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि किसानों को मुआवजा मौजूदा और अधिक हालिया मूल्यांकन के आधार पर मिलना चाहिए।

बिजली संबंधी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया

भारतीय किसान यूनियन के नेता ने बिजली से जुड़ी समस्याओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि, किसानों की बैठक के बाद सरकारी अधिकारियों के साथ इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। देश के विभिन्न हिस्सों में किसानों के धरने और विरोध प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए टिकैत ने आरोप लगाया कि, सरकारी नीतियां आम नागरिकों की तुलना में उद्योगपतियों और बड़े कारोबारी समूहों के पक्ष में अधिक झुकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि, अपनी समस्याओं और मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए किसानों और अन्य प्रभावित वर्गों को अक्सर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ता है।प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। धरना समाप्त होने के बाद संस्थान का गेट खोल दिया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here