किसानों को दिल्ली बैठक से चीनी एमएसपी और सी हेवी शीरे की कीमत बढ़ाने को लेकर उम्मीद

नई दिल्ली: महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसान सोमवार (12 अक्टूबर) को सरकार और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली बैठक से दो प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। किसानों की मांग है कि, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो किया जाए और सी हेवी शीरे की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर तय की जाए। किसान संगठनों को उम्मीद है कि, इन दोनों मुद्दों के समाधान से उन्हें गन्ने का अपेक्षित उचित मूल्य मिल सकेगा।

कर्नाटक के किसानों के आंदोलन के बाद तय हुई बैठक

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह बैठक उस समय तय की गई जब कर्नाटक के किसान संगठनों ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के हुबली स्थित आवास के बाहर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया था। इसके बाद सरकार ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को दिल्ली में बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। अब सरकार और किसान संगठनों की संयुक्त बैठक 12 अक्टूबर को दिल्ली में होने जा रही है।

महंगाई और बढ़ती लागत से किसान परेशान

महाराष्ट्र और कर्नाटक के गन्ना उत्पादक किसान बढ़ती महंगाई, खाद और कृषि दवाओं की कीमतों में वृद्धि तथा गन्ने की कटाई और परिवहन लागत बढ़ने के कारण आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में दोनों राज्यों के किसान संगठनों ने एकजुट होकर चीनी का एमएसपी 50 रुपये प्रति किलो और सी हेवी शीरे की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर करने की मांग उठाई है।

गन्ने का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद

किसानों का कहना है कि चीनी के एमएसपी और सी हेवी शीरे की कीमत में बढ़ोतरी होने से चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है और इसका लाभ गन्ना उत्पादकों को भी मिल सकता है। किसानों को उम्मीद है कि इन दोनों मांगों पर निर्णय होने से उन्हें गन्ने का अपेक्षित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

चीनी मिलों के पेराई सत्र पर भी रहेगी नजर

12 अक्टूबर की बैठक का असर आगामी चीनी मिलों के पेराई सत्र की शुरुआत पर भी पड़ने की संभावना है। फिलहाल पेराई सत्र शुरू होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। यदि बैठक में सकारात्मक चर्चा और निर्णय होता है, तो पेराई सत्र शुरू करने को लेकर किसानों के विरोध को कम करने में मदद मिल सकती है। महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को दिल्ली में होने वाली इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here