किसानों को गन्ना नर्सरी लगाने पर मिलेगा अनुदान, 22 अगस्त तक कर सकतें है आवेदन

मुजफ्फरपुर (बिहार): जिले के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बंद पड़ी मोतीपुर चीनी मिल के पुनरुद्धार और मड़वन में नई चीनी मिल की स्थापना की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में गन्ना विकास विभाग ने प्रमाणित गन्ना बीज की नर्सरी स्थापित करने की योजना शुरू की है, जिसके तहत चयनित किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाएगा। विभाग के अनुसार जिले में दो किसानों का चयन प्रमाणित गन्ना बीज नर्सरी स्थापित करने के लिए किया जाएगा। इच्छुक किसान 22 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।

योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को प्रमाणित गन्ना बीज पर 260 रुपये प्रति क्विंटल तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों को 310 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान प्रदान किया जाएगा। सहायक निदेशक (ईख विकास) अरविंद कुमार रवि ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उपलब्ध कराना, गन्ने की उत्पादकता बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, मोतीपुर चीनी मिल के पुनरुद्धार और मड़वन में प्रस्तावित नई चीनी मिल को ध्यान में रखते हुए किसानों को नर्सरी लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में चीनी मिलों के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।विभाग ने ईख विस्तार पदाधिकारी अविनाश कुमार को मड़वन में नई चीनी मिल के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। वे मड़वन के अंचलाधिकारी के साथ समन्वय कर कम से कम 50 एकड़ और अधिकतम 100 एकड़ भूमि की पहचान करेंगे।

इसके साथ ही मोतीपुर स्थित बंद चीनी मिल परिसर और उसके आसपास उपलब्ध भूमि का विस्तृत सर्वे और डाटा तैयार किया जा रहा है, ताकि पुनरुद्धार प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। वर्तमान में तिरहुत प्रमंडल में छह चीनी मिलें संचालित हैं, जिनमें पश्चिम चंपारण के बगहा, रामनगर, लौरिया, नरकटियागंज और मझौलिया तथा पूर्वी चंपारण की सुगौली चीनी मिल शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मोतीपुर और मड़वन में नई एवं पुनर्जीवित चीनी मिलों के संचालन से तिरहुत क्षेत्र में गन्ना उद्योग को नई गति मिलेगी, गन्ना खेती का रकबा बढ़ेगा और किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here