औचक निरीक्षण में किसानों ने बताईं समस्याएं, उप गन्ना आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

बस्ती (उत्तर प्रदेश): क्षेत्र में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्य का शुक्रवार को उप गन्ना आयुक्त, गोरखपुर और सहकारी गन्ना विकास समिति विक्रमजोत के चेयरमैन सिद्धांत कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गन्ना सर्वेक्षण का कार्य पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उप गन्ना आयुक्त ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्राम भिरवा निवासी किसान राकेश वर्मा और बुद्धिराम ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में बभनान चीनी मिल द्वारा उनकी गन्ना पर्चियों की डाउनग्रेडिंग किए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

किसानों ने यह भी शिकायत की कि गन्ने की तौल के दौरान प्रति ट्रॉली 30 से 50 किलोग्राम तक कम वजन दर्ज किया जाता है। इसके अलावा सीजन के अंत में क्रय केंद्र पर फ्री पर्ची उपलब्ध होने के बावजूद अर्ली प्रजाति के गन्ने को सामान्य या रिजेक्ट श्रेणी में तौले जाने की शिकायत भी सामने आई। उप गन्ना आयुक्त ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वेक्षण, तौल और आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया किसान हितैषी, पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन सिद्धांत कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here