नई दिल्ली : भारत में वित्त वर्ष 2027 के दौरान उर्वरक सब्सिडी 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। यह राशि बजट में निर्धारित 1.7 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान से काफी ज्यादा होगी। आनंद राठी रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है।रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि क्षेत्र को सरकार की ओर से लगातार मिल रहे समर्थन और पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) की दरों में बढ़ोतरी के कारण सब्सिडी खर्च में इजाफा हो सकता है। प्रमुख उर्वरक पोषक तत्वों के कच्चे माल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं, जिसका असर सब्सिडी की जरूरत पर पड़ रहा है।आनंद राठी ने अपनी सेक्टर अपडेट रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि, वित्त वर्ष 2027 में उर्वरक सब्सिडी बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है, जबकि बजट में इसके लिए 1.7 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
रबी 2027 के लिए 62,370 करोड़ रुपये की एनबीएस सब्सिडी मंजूर
रिपोर्ट में बताया गया है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में रबी 2027 सीजन के लिए 62,370 करोड़ रुपये की पोषक तत्व आधारित सब्सिडी को मंजूरी दी है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 64 प्रतिशत अधिक है।रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही के लिए एनबीएस दरों में बढ़ोतरी नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और सल्फर जैसे पोषक तत्वों की ऊंची कच्चा माल लागत को ध्यान में रखकर की गई है। इससे उर्वरक निर्माताओं को बेहतर आर्थिक स्थिति हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एमएसपी में भी लगातार बढ़ा सरकारी समर्थन
रिपोर्ट में कहा गया है कि, उर्वरक सब्सिडी के साथ-साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के जरिए भी सरकार का कृषि क्षेत्र को समर्थन लगातार मजबूत हुआ है। वित्त वर्ष 2024 से 2027 के दौरान प्रमुख फसलों के एमएसपी में औसतन करीब 6.3 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्ज होने का अनुमान है।इस बढ़ोतरी में कपास, तिलहन, दलहन, मक्का और धान की प्रमुख भूमिका रही है। आनंद राठी के अनुसार, एमएसपी और उर्वरक सब्सिडी के माध्यम से लगातार मिल रहा सरकारी समर्थन कृषि अर्थव्यवस्था को स्थिरता प्रदान कर रहा है।
वित्त वर्ष 2028 में कृषि इनपुट की मांग बढ़ने की उम्मीद
रिपोर्ट में कहा गया है कि फसलों के बेहतर दाम और सरकार की ओर से बढ़ते समर्थन से किसानों की नकदी स्थिति में सुधार हो सकता है। इससे कृषि इनपुट यानी उर्वरक और कृषि रसायनों की मांग को भी मजबूती मिलने की संभावना है।आनंद राठी को उम्मीद है कि सरकारी सहायता, फसलों के लाभकारी दाम और सामान्य मानसून की संभावना के चलते कृषि इनपुट की मांग में सुधार होगा। इसका असर विशेष रूप से वित्त वर्ष 2028 में देखने को मिल सकता है।इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए रिसर्च फर्म ने एग्रोकेमिकल्स क्षेत्र को लेकर अपना नजरिया ‘सतर्क’ से बढ़ाकर ‘सकारात्मक’ कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2028 में इस क्षेत्र की कंपनियों की कमाई में सुधार की संभावना है।

















