नई दिल्ली : वित्त वर्ष 2026-27 में केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा बजट अनुमान से करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये अधिक हो सकता है। सब्सिडी पर बढ़ते खर्च और कर राजस्व में कमी के कारण सरकारी वित्त पर दबाव बढ़ने की आशंका है। SBI रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। पोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 4.7 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जबकि बजट में इसे 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। संशोधित अनुमान में 2022-23 को GDP का आधार वर्ष माना गया है, जबकि बजट अनुमान की गणना 2011-12 के आधार वर्ष पर की गई थी। SBI रिसर्च ने घाटे में संभावित बढ़ोतरी के लिए संरचनात्मक कारणों और GDP के संशोधित आधार के प्रभाव को जिम्मेदार बताया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वित्तीय दबाव में उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में कटौती से 1.1 लाख करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान, उर्वरक सब्सिडी में 90,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी और पेट्रोलियम एवं LPG सब्सिडी पर करीब 48,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च का योगदान हो सकता है। SBI रिसर्च का कहना है कि सरकार मजबूत नकदी भंडार और खर्च में कटौती के संयोजन से बढ़े हुए राजकोषीय घाटे का प्रबंधन कर सकती है। इसके लिए जरूरी नहीं कि सरकार को अपनी उधारी योजना बढ़ानी पड़े।
रिपोर्ट में कहा गया है, “बजट अनुमान के भीतर राजकोषीय घाटे को सीमित रखने के लिए सरकार के पास खर्च में कटौती करने का ही संभावित विकल्प है।” रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में औसतन करीब 45,000 करोड़ रुपये के खर्च में कटौती की गई थी। SBI रिसर्च ने अनुमान लगाया है कि मुख्य तरलता (कोर लिक्विडिटी) के लिए समायोजित सरकार का नकदी भंडार अक्टूबर 2026 के अंत में करीब 8.5 लाख करोड़ रुपये था, जबकि एक साल पहले यह 2.2 लाख करोड़ रुपये था। मार्च 2027 के अंत तक इसके घटकर लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी प्रतिभूतियों की अदला-बदली (स्विच) और बायबैक के कारण सरकार की उधारी पहले ही 1.23 लाख करोड़ रुपये घट चुकी है। इससे मौजूदा उधारी अनुमान 17.2 लाख करोड़ रुपये के बजट लक्ष्य के मुकाबले घटकर 15.97 लाख करोड़ रुपये रह गया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के आंकड़ों में भी सरकारी वित्त पर दबाव दिखाई दे रहा है। इस अवधि में राजकोषीय घाटा सालाना आधार पर 24.7 प्रतिशत बढ़कर 7.14 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कुल सरकारी खर्च में 10.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि राजस्व प्राप्तियां 3.6 प्रतिशत बढ़ीं। SBI रिसर्च को उम्मीद है कि GST संग्रह में तेज वृद्धि, विनिवेश से अधिक प्राप्तियां और पूंजीगत खर्च में मामूली कटौती अतिरिक्त वित्तीय बोझ को कुछ हद तक कम कर सकती हैं। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार, राजकोषीय घाटे को नियंत्रण में रखने के लिए सरकारी खर्च का युक्तिसंगतीकरण एक महत्वपूर्ण विकल्प बना रहेगा।


















