फिजी : चीनी उद्योग में गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की अपील

सुवा : फिजी का चीनी उद्योग उत्पादन संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहा है।हर पेराई सीजन में बड़ी मात्रा में गैर-अनुमोदित गन्ने की किस्में चीनी मिलों में पहुंच रही हैं, जिससे उद्योग की कार्यक्षमता और उत्पादन पर असर पड़ रहा है। ‘एफबीसी न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने किसानों से ऐसी गन्ना किस्मों की आपूर्ति बंद करने की अपील की है।फिजी के चीनी मंत्री टोमासी तुनाबुना ने किसानों को चेतावनी दी है कि गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों की आपूर्ति न करें। उन्होंने कहा कि ‘मास्टर अवॉर्ड’ समझौते के तहत इन किस्मों का इस्तेमाल गैरकानूनी है। चीनी मिलों को यह अधिकार है कि वे निर्धारित मानकों और अनुमोदित किस्मों की आवश्यकताओं को पूरा नहीं करने वाले गन्ने को स्वीकार करने से इनकार कर सकती हैं।

तीन साल का दिया गया था समय

ChiniMandi WhatsApp Channel

तुनाबुना ने बताया कि, किसानों को गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों को धीरे-धीरे बदलने के लिए तीन साल का समय दिया गया था। उन्होंने कहा कि, मौजूदा पेराई सीजन इन किस्मों को प्रसंस्करण के लिए स्वीकार किए जाने का अंतिम वर्ष होगा।मंत्री ने चीनी उद्योग को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने के लिए गन्ने की उत्पादकता में बड़े सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि, फिजी में वर्तमान गन्ना उत्पादन स्तर चीनी उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए पर्याप्त नहीं है। किसानों और उद्योग से मिलकर गन्ने की औसत उपज को मौजूदा करीब 50 टन प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर कम से कम 65 टन प्रति हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखना होगा, ताकि गन्ने की खेती किसानों के लिए लाभदायक बन सके।

किसानों और चीनी मिलों दोनों के लिए बढ़ानी होगी उत्पादकता

तुनाबुना के अनुसार, वर्तमान उत्पादन स्तर किसानों और चीनी मिलों दोनों के लिए टिकाऊ आय सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इससे फिजी के चीनी उद्योग के भविष्य पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि, लाबासा चीनी मिल में सालाना 10 लाख टन से अधिक गन्ने की पेराई करने की क्षमता है, लेकिन वर्तमान में मिल अपनी क्षमता के लगभग आधे स्तर पर ही काम कर रही है। मिल को अपनी ब्रेक-ईवन स्थिति तक पहुंचने और परिचालन दक्षता में सुधार करने के लिए कम से कम 7 लाख टन गन्ने की आपूर्ति की आवश्यकता है।

बेहतर गुणवत्ता और आधुनिक खेती पर जोर

उद्योग से जुड़े हितधारकों ने कहा है कि, फिजी के चीनी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए गन्ने के उत्पादन में वृद्धि और बेहतर गुणवत्ता वाले गन्ने की नियमित आपूर्ति बेहद जरूरी है। उन्होंने आधुनिक कृषि पद्धतियों को व्यापक स्तर पर अपनाने की भी मांग की है। उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि, लगातार बढ़ते आर्थिक और जलवायु संबंधी दबावों के बीच चीनी उद्योग को टिकाऊ बनाए रखने के लिए उत्पादकता और गन्ने की गुणवत्ता में सुधार बेहद महत्वपूर्ण होगा। फिजी का चीनी उद्योग अब गैर-अनुमोदित गन्ना किस्मों को चरणबद्ध तरीके से हटाने, आधुनिक खेती अपनाने और प्रति हेक्टेयर उपज बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ चीनी मिलों की क्षमता का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here