फिजी : ईंधन संकट से निपटने के लिए एथेनॉल प्लांट जरूरी, चीनी उद्योग को मिलेगा नया सहारा

सुवा : फिजी के गन्ना उद्योग को भविष्य में मजबूत बनाए रखने और ईंधन संकट से निपटने के लिए एथेनॉल प्लांट की स्थापना बेहद जरूरी मानी जा रही है। सरकार का मानना है कि, एथेनॉल उत्पादन से न केवल वैकल्पिक ईंधन का विकल्प मिलेगा, बल्कि चीनी उद्योग को भी नई दिशा मिल सकेगी। यह बात सार्वजनिक उपक्रम, बहु-जातीय मामलों, विरासत, कला एवं संस्कृति मंत्री चरण जीत सिंह ने कही। उन्होंने बताया कि, जब वह चीनी मंत्री थे, तब राकीराकी में एथेनॉल प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। इस परियोजना का उद्देश्य वैकल्पिक ईंधन तैयार करना और भविष्य में फिजी एयरवेज के लिए जेट ईंधन उपलब्ध कराने की संभावनाओं को बढ़ाना था।

चरण जीत सिंह का कहना है कि, अब ईंधन उद्योग के भविष्य की योजना बनाने का सही समय है। उन्होंने कहा कि, गन्ना उद्योग का दीर्घकालिक अस्तित्व तभी संभव है जब फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (FSC) और चीनी मंत्रालय एथेनॉल उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, यदि गन्ना उद्योग को लंबे समय तक टिकाऊ बनाना है और FSC को सरकारी आर्थिक सहायता पर निर्भरता से मुक्त करना है, तो एथेनॉल प्लांट की स्थापना ही सबसे बड़ा विकल्प है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, इस परियोजना के लिए सरकार को करीब 200 मिलियन फिजियन डॉलर का बड़ा निवेश करना होगा। मंत्री ने कहा कि, इतनी बड़ी राशि के लिए विश्व बैंक या अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) जैसी संस्थाओं से सहायता लेनी पड़ सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि, यह सहायता आसान ऋण या अनुदान के रूप में मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि, एथेनॉल प्लांट को सफल बनाने के लिए किसानों की भूमिका बेहद अहम होगी। किसानों को बड़ी मात्रा में गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी। वर्तमान में FSC को लगभग 15 लाख टन गन्ना क्रशिंग के लिए मिल रहा है।

चरण जीत सिंह के अनुसार, उनके कार्यकाल में यह मात्रा 13 लाख टन थी, जो अब बढ़कर 15 लाख टन के करीब पहुंच गई है। इस वर्ष FSC का लक्ष्य 17 लाख टन गन्ना प्राप्त करना है। हालांकि एथेनॉल प्लांट के प्रभावी संचालन के लिए हर साल करीब 35 लाख टन गन्ने की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि, यदि हर वर्ष 2 लाख टन उत्पादन की वृद्धि होती रही तो अगले दस वर्षों में 35 लाख टन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं, चीनी, कृषि और जलमार्ग मंत्री टोमासी तुनाबुना ने कहा कि उद्योग को आगे बढ़ते हुए ईंधन संकट जैसी चुनौतियों का समाधान निकालना होगा। उन्होंने बताया कि गन्ना परिवहन से जुड़े ट्रैक्टर और ट्रक ऑपरेटरों के लिए ईंधन रिबेट योजना लागू की गई है, जिससे वे FSC के फ्यूल स्टेशन पर राहत दरों पर ईंधन प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, शुगरकेन ग्रोअर्स फंड (SCGF) भी किसानों को बढ़ती ईंधन लागत से राहत देने के लिए सहायता प्रदान कर रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here