सुवा : फिजी सरकार द्वारा किसानों के लिए तीसरे गन्ना भुगतान को संभव बनाने हेतु अतिरिक्त वित्तीय सहायता (टॉप-अप) देने का प्रस्ताव कल कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। चीनी मंत्री टोमासी तुनाबुना ने पुष्टि की कि, 2025 के क्रशिंग सीजन के लिए तीसरे गन्ना भुगतान को फंड करने में सरकारी सहायता कैसे मदद कर सकती है, इस पर एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि, किसानों में भुगतान में देरी को लेकर नाराज़गी है और इस संबंध में कई कारकों पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि, वैश्विक चीनी कीमतों में गिरावट से राजस्व प्रभावित हुआ है और भुगतान की राशि तय करने के लिए गणना जारी है। उन्होंने कहा, कैबिनेट से हमारे अनुरोध में हम यह चर्चा करेंगे कि घटती वैश्विक चीनी कीमतों की भरपाई के लिए सरकार किस तरह भुगतान में अतिरिक्त सहायता दे सकती है। इस महीने अपेक्षित तीसरे भुगतान में देरी को लेकर उठ रही चिंताओं पर तुनाबुना ने कहा कि, इसकी समयसीमा “मास्टर अवॉर्ड” की तैयारी पर निर्भर करती है। पहले मास्टर अवॉर्ड को अंतिम रूप देना होगा। उसके बाद ही भुगतान की तारीख घोषित की जाएगी।
उन्होंने कोई निश्चित भुगतान तिथि नहीं बताई और कहा कि कीमत निर्धारण को लेकर अभी चर्चा जारी है। तुनाबुना ने स्पष्ट किया कि, 2024 के गन्ना भुगतान 2025–2026 वित्तीय वर्ष के तहत किए गए थे। उन्होंने कहा, 2024 के गन्ना भुगतान के लिए सरकार का टॉप-अप इसी वर्ष के बजट से दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि, 2024 का गन्ना भुगतान सरकार द्वारा तय 100 डॉलर प्रति टन की गारंटी कीमत से अधिक रहा। हालांकि, उन्होंने खुलासा किया कि टॉप-अप के लिए मंत्रालय का मौजूदा बजट पूरी तरह खर्च हो चुका है।
कैबिनेट की बैठक में मंत्रालय तीसरे गन्ना भुगतान के लिए अतिरिक्त धन की मांग करेगा। तुनाबुना ने कहा कि, अतिरिक्त आवंटन सरकार की वित्तीय प्रक्रियाओं, जैसे नकदी प्रवाह और खर्च के आकलन, पर निर्भर करेगा। नेशनल फार्मर्स यूनियन (NFU) ने फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) और सरकार से जल्द से जल्द तीसरा गन्ना भुगतान करने की मांग की है। यूनियन के अनुसार, किसानों को उम्मीद थी कि भुगतान महीने के आखिरी शुक्रवार तक मिल जाएगा।
NFU के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल ने कहा कि FSC ने अब तक हाथ से कटाई किए गए गन्ने के लिए प्रति टन अतिरिक्त 3 डॉलर का भुगतान नहीं किया है, जिसका वादा पहले किया गया था। उन्होंने उन किसानों के लिए प्रति टन 5 डॉलर के उत्पादकता प्रोत्साहन को लेकर भी चिंता जताई, जो अपनी मूल उत्पादन सीमा से अधिक उत्पादन करते हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि, तीसरे भुगतान में देरी से मई में होने वाले चौथे गन्ना भुगतान पर भी असर पड़ सकता है।


















