सुवा : फिजी के प्रतिस्पर्धा और उपभोक्ता आयोग (FCCC) ने ईंधन की कीमतों में गिरावट के बाद यांत्रिक गन्ना कटाई और लॉरी ढुलाई की अंतरिम दरों में कमी की है। आयोग ने कहा कि, इन संशोधित दरों का उद्देश्य विनियमित शुल्क को मौजूदा परिचालन लागत के अनुरूप बनाए रखना है। रिपोर्ट के अनुसार, यांत्रिक गन्ना कटाई की दर में 16.7 प्रतिशत की कमी की गई है। इसे 24.63 फिजी डॉलर से घटाकर 20.52 फिजी डॉलर प्रति टन कर दिया गया है। वहीं, राकिराकी और रारावाई शुगर मिल के बीच अंतरिम लॉरी ढुलाई दरों में भी 14.5 प्रतिशत की कटौती की गई है।
FCCC ने कहा कि, संशोधित ढुलाई दर केवल राकिराकी-रारावाई मार्ग पर लागू होगी। इस मार्ग का नियमन अभी भी कंट्रोल ऑफ प्राइसेज फॉर शुगर केन कार्टेज लॉरी सर्विसेज फ्रॉम राकिराकी टू रारावाई ऑर्डर 2022 के तहत किया जा रहा है। FCCC की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेनिकाविका जिउटा ने कहा कि, दरों में कमी मुख्य रूप से ईंधन की कीमतों में गिरावट के कारण की गई है। उन्होंने कहा कि ईंधन लागत में कमी का असर विनियमित दरों में भी दिखाई देना चाहिए, ताकि ये दरें कटाई और परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की वास्तविक लागत के अनुरूप बनी रहें।
जिउटा ने आगे कहा कि, संशोधित दरें आयोग के उस दृष्टिकोण को दर्शाती हैं, जिसमें निष्पक्ष, तथ्यों पर आधारित और परिस्थितियों के अनुरूप मूल्य निर्धारण को बनाए रखा जाता है। इससे गन्ना किसानों के हितों की रक्षा के साथ-साथ यांत्रिक कटाई संचालकों और परिवहन सेवा प्रदाताओं को उचित परिचालन लागत की वसूली का अवसर मिलता है। FCCC के अनुसार, आयोग वैश्विक ईंधन कीमतों, उद्योग की परिस्थितियों और अन्य लागत कारकों पर लगातार नजर रखेगा। जरूरत पड़ने पर विनियमित दरों में आगे भी संशोधन किया जा सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आयोग ने किसानों और उपभोक्ताओं से यांत्रिक कटाई संचालकों या गन्ना ढुलाई सेवा प्रदाताओं द्वारा अधिक शुल्क वसूलने अथवा अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के किसी भी मामले की शिकायत करने की अपील की है। इससे नियामक को आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

















